Khatushyam Ji: खाटूधाम में उमड़ेगा 5 लाख श्रद्धालुओं का सैलाब, 44 घंटे तक इस रास्ते पर नो व्हीकल जोन

Khatushyam Ji: खाटूधाम में उमड़ेगा 5 लाख श्रद्धालुओं का सैलाब, 44 घंटे तक इस रास्ते पर नो व्हीकल जोन


Last Updated:

Khatushyam Ji: खाटूश्यामजी में 20 नवंबर को बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रींगस से खाटूधाम जाने वाले मुख्य मार्ग को 44 घंटे के लिए नो व्हीकल जोन घोषित किया है. जानें कब से कब तक बंद रहेगा रास्ता और कौन-सा होगा वैकल्पिक रूट.

सीकर. बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर इस बार खाटूधाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने की संभावना है. 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के अवसर पर मनाए जाने वाले बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर कमेटी और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. देवउठनी एकादशी पर जन्मोत्सव होने के कारण इस बार मेले में मुख्य मेले जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं. अनुमान है कि देशभर से 5 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा के दरबार में शीश नवाने पहुंचेंगे. इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए दर्शन व्यवस्था से लेकर यातायात और सुरक्षा तक विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.

जन्मोत्सव मेले के दौरान पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती रहेगी. इसे देखते हुए रींगस से खाटूश्यामजी जाने वाले मुख्य सड़क मार्ग को 44 घंटे के लिए नो व्हीकल जोन घोषित किया है. उपखंड मजिस्ट्रेट रींगस बृजेश कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार 19 नवंबर को दोपहर 2 बजे से 21 नवंबर को सुबह 10 बजे तक रींगस-लाखनी-लांपुवा-चौमूं पुरोहितान-खाटूश्यामजी सड़क मार्ग (एसएच-113) पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. इस दौरान इस मार्ग पर सामान्य वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. प्रशासन का यह फैसला मुख्य रूप से पैदल यात्रियों की सुरक्षा और मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लिया गया है.

इस वैकल्पिक रास्ते से पहुंच सकेंगे खाटूधाम

नो व्हीकल जोन के चलते वाहन चालकों को परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया है. आदेश के अनुसार रींगस से बावड़ी, ठिकरिया और शाहपुरा मोड़ होते हुए 52 बीघा पार्किंग (एनएच-52) तक जाने वाला रास्ता पूर्ववत चालू रहेगा. वाहन चालक इसी मार्ग का उपयोग कर खाटूधाम पहुंच सकेंगे. प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें और यातायात संबंधी निर्देशों की पालना करें.

पैदल यात्रियों की सुरक्षा पर रहेगा फोकस

देवउठनी एकादशी पर रींगस से खाटूश्यामजी तक बड़ी संख्या में पदयात्रियों के पहुंचने की संभावना है. ऐसे में मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रखने से पैदल श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी. वहीं मंदिर कमेटी और प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण, दर्शन व्यवस्था और श्रद्धालुओं की जरूरी सुविधाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं. पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को देखते हुए इस बार जन्मोत्सव मेले में व्यवस्थाओं की बड़ी परीक्षा होगी.



Source link