कैसे बसा अंग्रेजों का पसंदीदा हिल स्टेशन नैनीताल? 185 साल पूरे होने पर जानें पीटर बैरन और नूर सिंह का अनसुना किस्सा

कैसे बसा अंग्रेजों का पसंदीदा हिल स्टेशन नैनीताल? 185 साल पूरे होने पर जानें पीटर बैरन और नूर सिंह का अनसुना किस्सा


Last Updated:

Nainital 185th Foundation Day: सरोवर नगरी नैनीताल ने अपने गौरवशाली अस्तित्व के 185 वर्ष पूरे कर लिए हैं. साल 1841 में अंग्रेज व्यापारी पीटर बैरन की नजरों में बसने से लेकर दुनिया के प्रमुख पर्यटन मानचित्र पर चमकने तक, इस शहर का सफर बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा है. 1880 की विनाशकारी आपदा झेलने और फिर से उठ खड़े होने वाले नैनीताल की स्थापना के पीछे कई ऐसे अनसुने किस्से छिपे हैं, जो आज भी लोगों को हैरान करते हैं. 185वें स्थापना दिवस के इस खास मौके पर आइए जानते हैं नैनीताल के बसने, उजड़ने और फिर से संवरने की पूरी कहानी.

Zoom

गौरव जोशी/Nainital 185th Foundation Day: देश ही नहीं, दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान रखने वाली सरोवर नगरी नैनीताल ने अपने गौरवशाली इतिहास के 185 वर्ष पूरे कर लिए हैं. खूबसूरत नैनी झील, चारों ओर फैली हरी-भरी पहाड़ियां और औपनिवेशिक दौर की ऐतिहासिक इमारतें आज भी इस शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाती हैं. नैनीताल को 1841 में अंग्रेज व्यापारी पीटर बैरन ने दुनिया के सामने लाया था. नैनीताल के 185 साल पूरे होने पर स्थानीय लोगों में उत्साह है. इन 185 वर्षों के सफर में नैनीताल ने कई उतार-चढ़ाव देखे.

नैनीताल के इतिहास की शुरुआत वर्ष 1841 से मानी जाती है. इतिहास के अनुसार, इसी वर्ष अंग्रेज व्यापारी पीटर बैरन ने इस खूबसूरत पर्वतीय क्षेत्र को देखा और यहां एक सुंदर नगर बसाने की कल्पना की. समुद्र तल से करीब 1938 मीटर की ऊंचाई पर स्थित नैनी झील ने पीटर बैरन को इतना आकर्षित किया कि वह इस क्षेत्र में बसावट विकसित करने की योजना बनाने लगे. हालांकि यह भी उल्लेखनीय है कि पीटर बैरन के यहां पहुंचने से पहले यह क्षेत्र स्थानीय लोगों के लिए जाना-पहचाना था. अंग्रेजों के आगमन के बाद नैनीताल को एक व्यवस्थित नगर और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हुई.
पीटर बैरन के नैनीताल पहुंचने और यहां जमीन हासिल करने से जुड़ा एक बेहद रोचक किस्सा भी इतिहास में मिलता है. बताया जाता है कि उन्होंने इस क्षेत्र के थोकदार नूर सिंह से नैनीताल की जमीन खरीदने के लिए बातचीत की. शुरुआत में नूर सिंह इसके लिए तैयार हो गए, लेकिन बाद में उन्होंने जमीन बेचने से इनकार कर दिया. नैनीताल की खूबसूरती से प्रभावित बैरन किसी भी कीमत पर यहां अपना पसंदीदा नगर बसाना चाहते थे. ऐतिहासिक विवरणों में उल्लेख मिलता है कि एक दिन पीटर बैरन नूर सिंह को अपनी किश्ती में बैठाकर नैनी झील के बीच ले गए.
वहां उन्होंने कथित तौर पर उन्हें जमीन बेचने के लिए राजी करने का दबाव बनाया और इनकार करने पर झील में डुबो देने की धमकी तक दे डाली. बताया जाता है कि भयभीत होकर नूर सिंह ने स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर कर दिए. हालांकि इस घटनाक्रम का उल्लेख मुख्य रूप से बैरन के अपने विवरण में मिलता है. इसके बाद धीरे-धीरे यहां अंग्रेजों की बसावट शुरू हुई और नैनीताल एक खूबसूरत हिल स्टेशन के रूप में विकसित होने लगा.
नैनीताल का इतिहास केवल खूबसूरती और पर्यटन तक सीमित नहीं है. इस शहर ने 18 सितंबर 1880 को एक ऐसी प्राकृतिक आपदा का सामना किया, जिसने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया था. इस दिन आए विनाशकारी भूकंप के बाद शेर का डांडा पहाड़ी क्षेत्र में भीषण भूस्खलन हुआ. इस प्राकृतिक आपदा में करीब 151 लोगों की जान चली गई और कई इमारतें मलबे में तब्दील हो गईं. भूस्खलन का मलबा नैनी झील के एक बड़े हिस्से तक पहुंच गया. इसी आपदा के बाद झील के उत्तरी छोर पर फ्लैट्स मैदान का स्वरूप विकसित हुआ, जहां आज विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और सार्वजनिक गतिविधियों का आयोजन होता है.
इस आपदा ने अंग्रेजी हुकूमत को भी पहाड़ों की संवेदनशीलता और भूगर्भीय संरचना की गंभीरता का एहसास करा दिया. इसके बाद नैनीताल को दोबारा व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास शुरू किए गए. पहाड़ियों से होने वाले भूस्खलन को रोकने और बरसाती पानी की निकासी के लिए शहर में छोटे-बड़े 64 नालों का निर्माण कराया गया. इन नालों की कुल लंबाई करीब एक लाख छह हजार 499 फीट बताई जाती है. शहर के जानकारों का मानना है कि अंग्रेजों के समय तैयार की गई जल निकासी की यह व्यवस्था नैनीताल की पहाड़ियों को काफी हद तक सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण साबित हुई. आज भी इन पुराने नालों और जल निकासी व्यवस्था का नैनीताल के अस्तित्व और सुरक्षा में अहम योगदान माना जाता है.
समय के साथ नैनीताल में कई बदलाव हुए, लेकिन यहां मौजूद ऐतिहासिक इमारतें आज भी अंग्रेजी शासनकाल की यादों को संजोए हुए हैं. पुराने चर्च, राजभवन, ऐतिहासिक विद्यालय और औपनिवेशिक शैली में बनी इमारतें इस शहर की पहचान का हिस्सा हैं. नैनीताल केवल पर्यटन के लिए ही नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी देशभर में अपनी विशेष पहचान रखता है. यहां के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में पढ़ने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थी पहुंचते हैं. नैनी झील के अलावा टिफिन टॉप, चाइना पीक, हिमालय दर्शन और अन्य प्राकृतिक स्थल पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. गर्मियों में जहां देशभर से पर्यटक यहां पहुंचते हैं, वहीं सर्दियों में बर्फबारी का नजारा देखने के लिए भी बड़ी संख्या में सैलानी सरोवर नगरी का रुख करते हैं.
185 वर्षों के इस सफर में नैनीताल ने पर्यटन, शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है. लेकिन बढ़ती आबादी, अनियोजित निर्माण, यातायात का दबाव, भूस्खलन और पर्यावरणीय चुनौतियां आज इस शहर के सामने बड़ी चिंता बनकर खड़ी हैं. नैनी झील का संरक्षण और पहाड़ियों की सुरक्षा भी शहर के भविष्य से सीधे तौर पर जुड़ी हुई है. ऐसे में नैनीताल के 185वें स्थापना दिवस का उत्सव केवल केक काटने और खुशियां मनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह मौका इस ऐतिहासिक शहर की विरासत और प्राकृतिक धरोहर को बचाने के संकल्प का भी होना चाहिए. जिस खूबसूरत शहर को देखकर 185 साल पहले पीटर बैरन ने यहां नगर बसाने का सपना देखा था, उसकी खूबसूरती आने वाली पीढ़ियों तक बरकरार रहे, यही नैनीताल के जन्मदिन का सबसे बड़ा संकल्प होना चाहिए.



Source link