Dairy Farming Tips | how to increase milk production in cows naturally | gai aur bhains ka doodh kaise badhaye

Dairy Farming Tips | how to increase milk production in cows naturally | gai aur bhains ka doodh kaise badhaye


Last Updated:

Winter Dairy Farming Tips: सर्दियों में गाय-भैंस का दूध घटने की समस्या से परेशान पशुपालकों के लिए वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज भारती ने खास उपाय बताए हैं. ठंड और सीधी हवाओं से बचाने के लिए शेड को ढकें और रात में पशुओं को बोरी या टाट ओढ़ाएं. आहार में सरसों, तिल या बिनौला की खल और 100-200 ग्राम तेल देने से मिलने वाली वसा ऊर्जा बढ़ाती है और दूध-फैट में सुधार करती है. इसके अलावा गुनगुना पानी, मिनरल मिक्सचर, नमक और हर ढाई-तीन महीने में कृमिनाशक दवा देने से पशुओं का दूध उत्पादन सर्दियों में भी बेहतर बना रहता है.

ख़बरें फटाफट

कोटा. सर्दी का मौसम शुरू होते ही देश के तमाम पशुपालकों की चिंताएं बढ़ने लगती हैं, क्योंकि इस मौसम में अक्सर गाय और भैंस का दूध अचानक कम होने लगता है. पशुपालकों की इस बड़ी समस्या का समाधान बताते हुए पशुपालन विभाग के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज भारती ने कुछ बेहद महत्वपूर्ण और कारगर उपाय साझा किए हैं. उनके अनुसार, सर्दियों में दूध घटने के मुख्य रूप से दो-तीन बड़े कारण होते हैं, जिन पर यदि समय रहते ध्यान दिया जाए तो दूध के उत्पादन को बेहतर बनाए रखा जा सकता है और पशुओं को स्वस्थ रखा जा सकता है.

डॉ. मनोज भारती के अनुसार, पशुओं के आहार में बदलाव के अलावा दूध घटने का सबसे बड़ा कारण कड़ाके की ठंड और सर्द हवाएं हैं. यदि पशु के रहने के स्थान (शेड) पर सीधी ठंडी हवा आती है, तो उसके शरीर का तापमान गिरने लगता है. इस तापमान को मेंटेन करने के लिए पशु को अपनी शारीरिक ऊर्जा का अधिक उपयोग करना पड़ता है, जिसका सीधा और नकारात्मक असर उसके दूध उत्पादन पर पड़ता है. इससे बचाव के लिए पशुओं के शेड को चारों तरफ से अच्छी तरह ढककर रखना चाहिए. खासकर, गायों और नवजात बछड़े-बछड़ियों के ऊपर रात के समय बोरी, टाट या गर्म कपड़ा जरूर बांधना चाहिए ताकि वे ठंड से सुरक्षित रह सकें.

वसायुक्त (फैट) आहार और तेल से मिलेगी भरपूर ऊर्जा
सर्दियों के दिनों में पशुओं को अधिक वसायुक्त आहार देना बेहद आवश्यक होता है. डॉ. भारती के मुताबिक, पशुओं को दाने के साथ-साथ सरसों की खल, तिल की खल और बिनौला की खल उचित मात्रा में खिलानी चाहिए. इसके अलावा, प्रतिदिन 100 से 200 ग्राम तेल पशु के बांटे (आहार) में मिलाने से दूध की मात्रा और फैट दोनों बढ़ाने में काफी मदद मिलती है. वैज्ञानिक रूप से वसा (Fat) में कार्बोहाइड्रेट की तुलना में लगभग सवा दो गुना ज्यादा ऊर्जा होती है. यह शरीर के अंदर ऊर्जा जमा करके रखती है और कड़ाके की ठंड से पशु की रक्षा करती है.

पानी, मिनरल मिक्सचर और समय पर कृमिनाशक दवा का रखें ध्यान
पशुपालकों को सलाह दी गई है कि सर्दियों में पशुओं को बिल्कुल ठंडा पानी पिलाने से बचें, बल्कि उन्हें सामान्य (कमरे के तापमान का) पानी ही पिलाएं. इसके साथ ही पशुओं के आहार में सही मात्रा में मिनरल मिक्सचर और पर्याप्त नमक अवश्य मिलाएं, ताकि उन्हें जरूरी पोषक तत्व मिलते रहें. डॉ. भारती ने यह भी बताया कि दूध घटने का एक अन्य प्रमुख कारण पेट के कीड़े (वर्म्स) होना भी है. बरसात के मौसम में हरा और ताजा घास खाने के कारण पशुओं के पेट में कीड़े पड़ जाते हैं, जो सर्दियों में दूध उत्पादन को प्रभावित करते हैं. इसलिए, सर्दी शुरू होने से पहले हर ढाई से तीन महीने के अंतराल पर पशुओं को अच्छी गुणवत्ता की कृमिनाशक (डिवार्मिंग) दवा जरूर देनी चाहिए. इन सभी छोटी-छोटी सावधानियों को अपनाकर पशुपालक सर्दियों में भी पशुओं का दूध उत्पादन शानदार बनाए रख सकते हैं.



Source link