Last Updated:
Delhi India International Trade Mela: दिल्ली के ट्रेड फेयर में कश्मीर के किसान अख्तर हुसैन द्वारा लाया गया 15 किलो का अनोखा क्रीम रंग का कद्दू लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. यह कद्दू पूरी तरह ऑर्गेनिक और न्यूट्रिशन से भरपूर है. उन्होंने बताया कि एक नीलामी में इसकी कीमत 3000 रुपये थी, लेकिन उन्होंने इसे नहीं बेचा.
नई दिल्ली: क्या आपने कभी 15 किलो का कद्दू देखा है, जिसका रंग हरा नहीं, बल्कि क्रीम हो. एक ऐसा अनोखा कद्दू जो पूरी तरह से न्यूट्रिशन से भरा हो और जिसे खरीदने के बाद आपको दो से तीन दिन तक सब्जी खरीदने की जरूरत ना पड़े. यकीनन ऐसा कद्दू आपने नहीं देखा होगा. आपको बता दें कि भारत मंडपम में चल रहे 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय पवेलियन में एक ऐसा ही कद्दू लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. जो देखने में आर्टिफिशियल लगता है, लेकिन असल में यह एकदम असली है.
इसे कश्मीर से लेकर किसान अख्तर हुसैन वानी आए हैं. जो कि बचपन से खेती किसानी कर रहे हैं. इस दौरान लोकल 18 की टीम ने किसान से खास बातचीत की. उन्होंने बताया कि यह कद्दू सिर्फ कश्मीर में ही उगता है. हालांकि अब देश भर के किसान इस कद्दू के बीज को उनसे लेकर जा रहे हैं और देश के अलग-अलग राज्यों में इसे उगाने की कोशिश कर रहे हैं.
अप्रैल में बोया जाता है यह कद्दू
किसान अख्तर हुसैन ने बताया कि इस कद्दू को अप्रैल में बोया जाता है. अक्टूबर में काटा जाता है. उन्होंने यह भी बताया कि यह कद्दू हरा नहीं होता है. बल्कि क्रीम कलर का होता है. देखने वाले इसे आर्टिफिशियल समझते हैं, लेकिन असल में यह एकदम ऑर्गेनिक कद्दू है. भारत के किसानों की मेहनत से इसे उगाया जाता है. उन्होंने बताया कि वह खुद कश्मीर से आए हैं.
उन्होंने बताया कि यह कद्दू बारामूला और हंजीवेरा गांव जो कि कश्मीर में है. वहां पर यह ज्यादा उगता है. वहां के किसान इसे सबसे ज्यादा उगाते हैं. इसका वजन 15 किलो है, लेकिन वहां पर इसे 50 किलो तक का उगाया जाता है. 50 किलो तक का कद्दू कश्मीर से दिल्ली के ट्रेड फेयर में लाना थोड़ा मुश्किल था. इसलिए वह सिर्फ 15 किलो का कद्दू लेकर के यहां पर आए हैं, यहां पर देश-विदेश के पर्यटक इसे देखकर हैरान हो रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि एक प्लांट में यह 150 किलो तक उगता है.
विदेशों में है इसकी सबसे ज्यादा डिमांड
किसान अख्तर हुसैन ने बताया कि 15 किलो का यह कद्दू 150 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिकता है. यह कीमत सिर्फ कश्मीर तक ही सीमित है. जब यह दूसरे राज्यों में जाता है तो इसकी कीमत और भी ज्यादा बढ़ जाती है. विदेशों में इसकी सबसे ज्यादा डिमांड है. विदेशों में यह हजार रुपए के ऊपर तक बिकता है. इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि 3000 रुपए में उनके इस कद्दू की नीलामी भी होने जा रही थी, लेकिन उन्होंने इस कद्दू को नीलाम नहीं किया.
किसान अख्तर हुसैन ने यह भी बताया कि ऐसा कद्दू कश्मीर के लोगों के लिए बहुत आम है, लेकिन जब यह दूसरे राज्यों में जाता है, तो वहां के किसान इसे देखकर हैरान हो जाते हैं. दरअसल यह कद्दू पूरी तरह से न्यूट्रिशन से भरा हुआ है. किसी भी तरह का कोई केमिकल इसे उगाने में नहीं डाला जाता है. यह पूरी तरह से ऑर्गेनिक है. एक कद्दू ही खरीदने के बाद लोगों को कम से कम 2 से 3 दिन तक कोई सब्जी खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती है. क्योंकि यह कई हिस्सों में काटकर बनाया जाता है. इसलिए लोग इसे काफी पसंद करते हैं. उन्होंने बताया कि अगर कोई भी किसान उनसे इस कद्दू का बीज लेना चाहे तो वह उनके मोबाइल नंबर 97979 15942 पर कॉल कर सकता है.