Last Updated:
Martyr Arjun Singh Yadav: लद्दाख में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए अर्जुन का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. सबसे दर्दनाक दृश्य उस वक्त देखने को मिला, जब अर्जुन का भाई ताबूत से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगा. भाई को इस हाल में देखकर वहां मौजूद लोग भी अपने आंसू नहीं रोक सके.
शहीद अर्जुन का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा.
जौनपुर: यूपी के जौनपुर में जिस बेटे के इंतजार में परिवार की आंखें दरवाजे पर टिकी थीं, आज उसी बेटे का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा. गम के बीच देशभक्ति का ऐसा जज्बा दिखा कि पूरा इलाका भारत माता के जयकारों से गूंज उठा. लद्दाख में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जौनपुर के वीर सपूत अर्जुन सिंह यादव को अंतिम विदाई देने के लिए ग्रामीणों की जनसैलाब उमड़ पड़ा. शहीद का पार्थिव शरीर जब घर पहुंचा तो, वीर सपूत अर्जुन के भाई का कलेजा फट गया. शहीद का शव जिस ताबूत में रखा था उसी से चिपटकर भाई बिल्लख-बिल्लख कर रोने लगा. मौके पर शहीद के शव को लेकर आए जवान भाई को शांत कराते दिखे.
जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र के हरिगांव निवासी शहीद जवान अर्जुन सिंह यादव का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया. अपने वीर सपूत की एक झलक पाने के लिए ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई. पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही भारत माता की जय और वीर शहीद अमर रहें के जयकारे गूंजने लगे. तिरंगे में लिपटे अपने लाल को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं गांव का हर शख्स अपने वीर सपूत की शहादत पर गर्व और गम दोनों महसूस कर रहा था. लद्दाख में देश की रक्षा करते हुए अर्जुन सिंह यादव ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया. उनकी शहादत की खबर से पहले ही पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई थी. अब पार्थिव शरीर गांव पहुंचने के बाद अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा.
एक मां का लाल, एक परिवार का सहारा और देश का वीर जवान आज पंचतत्व में विलीन होगा, लेकिन अर्जुन सिंह यादव की शहादत और उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा. जौनपुर अपने इस वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई दे रहा है.