आखिर यह कैसी ममता है? कलेजे के टुकड़े को स्टेशन पर छोड़ जा रही मां, 5 दिन में मिले 3 मासूम

आखिर यह कैसी ममता है? कलेजे के टुकड़े को स्टेशन पर छोड़ जा रही मां, 5 दिन में मिले 3 मासूम


Last Updated:

उज्जैन में रेलवे स्टेशन पर दो अलग-अलग घटनाओं में महिलाएं तीन बच्चों को छोड़कर चली गई हैं. पुलिस तीनों का पता लगाने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया. पुलिस सीसीटीवी की मदद ले रही है और लोगों से पूछताछ कर रही है. अभी तीनों बच्चे मातृछाया संस्था में सुरक्षित हैं. अब पांच दिनों के भीतर सामने आई इन दो घटनाओं ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Zoom

स्टेशन पर बच्चों को छोड़ रही मां

Ujjain News: उज्जैन के रेलवे स्टेशन पर मासूम बच्चों को लावारिस छोड़ने के लगातार सामने आ रहे मामलों ने हर किसी को चिंता में डाल दिया है. सिर्फ पांच दिनों के भीतर दो अलग-अलग घटनाओं में तीन मासूम बच्चों को रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया गया. हैरानी की बात यह है कि एक घटना में दो बच्चों की मां का पांच दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जबकि दूसरी घटना में महिला अपने दो बच्चों को साथ लेकर ट्रेन में रवाना हो गई और तीसरे बच्चे को प्लेटफॉर्म पर ही छोड़ गई.

पांच दिन बाद भी महिला को ढूंढ नहीं पाई पुलिस
पहला मामला 14 नवंबर का है, जब एक महिला छह महीने के मासूम बेटे और डेढ़ साल की बेटी को रेलवे स्टेशन पर छोड़कर चली गई थी. सूचना मिलने पर बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर मातृछाया संस्था पहुंचाया गया. पांच दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस महिला की पहचान नहीं कर पाई है.

प्लेटफॉर्म पर बच्चे को छोड़ गई मां
वहीं, 17 नवंबर की शाम एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई. प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ पहुंची. शाम करीब साढ़े पांच बजे वह दो बच्चों को लेकर नर्मदा एक्सप्रेस में सवार हो गई, लेकिन एक बच्चे को प्लेटफॉर्म पर ही छोड़ गई. आरपीएफ ने तुरंत बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और बाद में मातृछाया संस्था पहुंचाया.

100 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच
पहली घटना में बच्चों की मां का पता लगाने के लिए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमें लगातार जांच कर रही हैं. रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा चुकी है. एक फुटेज में महिला दोनों बच्चों के साथ नजर आई है. हालांकि उसकी पहचान और आगे जाने के रास्ते की जानकारी अब तक नहीं मिल सकी है.

CWC ने दो महीने का दिया समय
जीआरपी के मुताबिक बच्चों के माता-पिता और परिजनों की तलाश जारी है. बाल कल्याण समिति ने भी पुलिस को परिजनों का पता लगाने के लिए दो महीने का समय दिया है. निर्धारित अवधि के बाद पुलिस को अपनी जांच रिपोर्ट समिति के सामने पेश करनी होगी. अगर इस दौरान परिजनों का पता नहीं चलता है, तो बच्चों के भविष्य को लेकर बाल कल्याण समिति नियमानुसार अगला फैसला लेगी.

मातृछाया में तीनों बच्चों की देखभाल
13 से 18 नवंबर के बीच तीनों बच्चों को जीआरपी के माध्यम से बाल कल्याण समिति के आदेश पर मातृछाया संस्था में पहुंचाया गया है. संस्था के मनीष बैरागी के अनुसार फिलहाल तीनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं. संस्था में उनकी देखभाल की जा रही है.



Source link