विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 100 करोड़ की साइबर ठगी, दुबई में खाता खुलवाकर कांड, शातिर गिरफ्तार

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 100 करोड़ की साइबर ठगी, दुबई में खाता खुलवाकर कांड, शातिर गिरफ्तार


रंगेश सिंह, सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश से संचालित हो रहे 100 करोड़ के साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. नौकरी दिलाने का लालच देकर लोगों के बैंक खाते खुलवाना और फिर उन्हीं खातों के जरिए देशभर में करोड़ों रुपये की ठगी करना इस नेटवर्क का मुख्य तरीका था. साइबर क्राइम थाना और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में प्रयागराज निवासी सौरभ सिंह को गिरफ्तार किया गया है. जांच में सोनभद्र से जुड़े बैंक खातों के माध्यम से करीब 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है.

वहीं, देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 200 साइबर शिकायतें इस नेटवर्क से जुड़ी मिली हैं. पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी को अंजाम दिया है. विदेश में कंपनियां खोलकर नौकरी का झांसा देने से लेकर बैंक खातों की खरीद-फरोख्त और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए रकम ठिकाने लगाने तक, इस पूरे नेटवर्क का तरीका बेहद शातिराना था.

इस मामले का खुलासा करते हुए एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि नौकरी की तलाश में विदेश जाने का सपना देखने वाले लोगों को साइबर अपराधियों ने अपने जाल में फंसाने का नया तरीका अपनाया था. अब जांच में सामने आया है कि संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में कंपनियां स्थापित कर इस नेटवर्क को संचालित किया जा रहा था. गिरफ्तार सौरभ सिंह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर इन कंपनियों के नाम पर भारतीय नागरिकों को विदेश में नौकरी दिलाने का प्रलोभन देता था.

इसके बाद नौकरी के नाम पर उनके बैंक खाते दुबई के शारजाह में खुलवाए जाते थे. खाते खुलने के बाद एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम कार्ड अपने कब्जे में लेकर उनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में किया जाता था. जांच में Lab Med Medicine Logistics Company, ASL Logistics Company और Kumar Singh LLC नाम की तीन कंपनियों का भी पता चला है. इन कंपनियों के जरिए बैंक खातों को साइबर अपराध के नेटवर्क से जोड़ने की बात सामने आई है.

एसपी अभिषेक वर्मा के अनुसार गिरोह का कारोबार सिर्फ बैंक खाते खुलवाने तक सीमित नहीं था, बल्कि खातों की बाकायदा खरीद-फरोख्त भी की जाती थी. पुलिस के अनुसार, सामान्य बचत खाते 10 से 20 हजार रुपये में खरीदे जाते थे, जबकि कॉरपोरेट खाते 50 हजार से एक लाख रुपये तक में हासिल किए जाते थे. इसके बाद इन खातों को साइबर अपराध में शामिल दूसरे लोगों को करीब दो लाख रुपये तक में उपलब्ध कराया जाता था. इन बैंक खातों में ऑनलाइन निवेश, शेयर ट्रेडिंग, गेमिंग और ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर ठगी गई रकम जमा कराई जाती थी.

ठगी की रकम को कई बैंक खातों में ट्रांसफर करने के बाद नकद निकासी और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से आगे भेजा जाता था, ताकि अपराधियों तक पहुंचने वाली रकम का पता लगाना मुश्किल हो सके. इस पूरे नेटवर्क का जो वित्तीय आंकड़ा सामने आया है, उसने जांच एजेंसियों को भी चौंका दिया है. पुलिस के मुताबिक, सोनभद्र से संबंधित बैंक खातों के जरिए करीब 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है.

वहीं, नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल यानी NCRP पर देशभर से करीब 200 शिकायतें इस नेटवर्क से जुड़ी पाई गई हैं. पुलिस को आशंका है कि इस संगठित गिरोह के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी की गई है. हालांकि, ठगी की वास्तविक रकम कितनी है और इस पूरे नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस की जांच अभी जारी है. साइबर अपराध के खिलाफ सोनभद्र पुलिस पहले भी कई महत्वपूर्ण कार्रवाई कर चुकी है. इससे पहले दर्ज मामलों में रवि पांडेय और बृजेश कुमार पांडेय की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में नौकरी दिलाने के नाम पर बैंक खाते खुलवाने और उन्हें साइबर ठगी में इस्तेमाल करने का मामला सामने आया था.

जांच के दौरान अनुपम सिंह और नायब खान के माध्यम से बैंक खाते आगे उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी मिली थी. अब सौरभ सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पुराने मामलों और इस नए नेटवर्क के बीच संभावित कड़ियों की जांच कर रही है. पुलिस का प्रयास है कि विदेश में कंपनियां स्थापित करने वाले लोगों से लेकर बैंक खातों की खरीद-फरोख्त और ठगी की रकम को आगे पहुंचाने वाले सभी चेहरों को बेनकाब किया जा सके.

थार, कई ATM कार्ड और फोन जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक महिंद्रा थार, 27 क्रेडिट और डेबिट कार्ड, दो चेकबुक, तीन बैंक पासबुक, तीन मोबाइल फोन और एक एप्पल लैपटॉप बरामद किया है. इसके साथ ही विदेशी मुद्रा भी बरामद हुई है. फिलहाल बरामद मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि इन उपकरणों से नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और ठगी की रकम के लेनदेन से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं.

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश में साइबर क्राइम थाना और स्वाट टीम की इस संयुक्त कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है. करीब 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन और 100 करोड़ रुपये से अधिक की संभावित ठगी के इस मामले ने एक बार फिर दिखाया है कि साइबर अपराध का नेटवर्क किस तरह सीमाओं के पार फैल चुका है.



Source link