Last Updated:
Raipur News: जब कलचुरी राजाओं ने खल्लारी से अपनी राजधानी रायपुर में खारून नदी के किनारे स्थापित की, तब यहां किला बनवाया गया. इस किले के अवशेष आज भी ब्रह्मपुरी इलाके में बूढ़ा तालाब के पास देखने को मिलते हैं. किले के आसपास ही राजपरिवार, प्रशासन और दूसरे कामकाज से जुड़े लोग रहने लगे थे.
रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का इतिहास काफी पुराना है. शहर में कई ऐसे इलाके हैं, जिनकी पहचान आज भी उनके पुराने नामों से बनी हुई है. इन्हीं में से एक है रायपुर की पुरानी बस्ती. आखिर इस इलाके को पुरानी बस्ती क्यों कहा जाता है. यहां सबसे पहले कौन लोग आकर बसे थे और कैसे धीरे-धीरे यह पूरा इलाका विकसित हुआ. आइए आसान भाषा में जानते हैं पुरानी बस्ती की कहानी. रायपुर के रहने वाले जानकार आचार्य रामेंद्रनाथ मिश्र लोकल 18 बताते हैं कि जब कलचुरी राजाओं ने खल्लारी से अपनी राजधानी रायपुर में खारून नदी के किनारे स्थापित की, तब यहां किले का निर्माण कराया गया. इस किले के अवशेष आज भी ब्रह्मपुरी इलाके में बूढ़ा तालाब के पास देखे जा सकते हैं. किले के आसपास ही राजपरिवार, प्रशासन और दूसरे कामकाज से जुड़े लोग रहने लगे. धीरे-धीरे यहां अलग-अलग मोहल्ले बसने लगे. चूंकि रायपुर की सबसे पुरानी बसाहट इसी इलाके से शुरू हुई थी, इसलिए इसे पुरानी बस्ती के नाम से जाना जाने लगा.
उन्होंने बताया कि पुरानी बस्ती में समय के साथ कई छोटे-छोटे मोहल्ले विकसित हुए. इनमें महामाईपारा, दानीपारा, बनियापारा, कायस्थपारा, मैथिलपारा, बंधुआपारा, सोनारपारा, बढ़ईपारा, ब्राह्मणपारा और ठाकुरपारा जैसे नाम शामिल हैं. इन मोहल्लों के नाम वहां रहने वाले लोगों और उनके पारंपरिक कामकाज के आधार पर रखे गए थे. इस तरह एक-एक करके पूरा इलाका बसा और पुरानी बस्ती रायपुर की ऐतिहासिक पहचान बन गई.
तालाबों के बीच धीरे-धीरे बढ़ा रायपुर शहर
आचार्य मिश्र के अनुसार, पहले रायपुर चारों तरफ से तालाबों से घिरा हुआ था. इसे तालाबों का शहर भी कहा जा सकता है. उनके मुताबिक, पहले शहर में करीब 321 तालाब हुआ करते थे, जिनमें से अब लगभग 126 तालाब बचे हैं. पुरानी बस्ती के आसपास से ही शहर का विस्तार आगे बढ़ा. इसके बाद बूढ़ापारा, रामसागर पारा, बढ़ईपारा और गंज जैसे इलाकों में भी बसाहट बढ़ती गई. धीरे-धीरे रायपुर का दायरा बढ़ता गया और शहर का स्वरूप बदलता गया.
आज भी पुराने नामों से पहचान
समय के साथ शहर के वार्डों के नाम बदले और कई इलाकों को नई पहचान मिली लेकिन लोगों की जुबान पर आज भी पुराने नाम ही कायम हैं. पुरानी बस्ती, कंकालीपारा, ब्राह्मणपारा, बढ़ईपारा, रामसागरपारा और बूढ़ापारा जैसे नाम आज भी लोगों के बीच प्रचलित हैं. ये नाम सिर्फ मोहल्लों की पहचान नहीं हैं बल्कि रायपुर के पुराने इतिहास और यहां की बसाहट की कहानी भी बताते हैं.