मैसेज का रिप्लाई देर से मिले तो बेचैनी क्यों होने लगती है? जानिए इसके पीछे का साइकोलॉजिकल सच

मैसेज का रिप्लाई देर से मिले तो बेचैनी क्यों होने लगती है? जानिए इसके पीछे का साइकोलॉजिकल सच


Why Texting Delays Cause Anxiety : आज के दौर में किसी से बात करना हो, हालचाल पूछना हो या अपने दिल की बात कहनी हो, मोबाइल पर एक मैसेज काफी है. लेकिन कई बार यही मैसेज रिश्तों में बेचैनी की वजह बन जाता है. आपने किसी को मैसेज किया और काफी देर तक जवाब नहीं आया, तो बार-बार फोन चेक करने का मन करता है. मन में सवाल उठने लगते हैं कि सामने वाला ऑनलाइन था, फिर भी जवाब क्यों नहीं दिया? क्या वह मुझसे नाराज है या अब उसे मुझसे बात करने में दिलचस्पी नहीं रही? कई बार तो इंसान खुद ही तरह-तरह की कहानियां सोचने लगता है.

मनोविज्ञान में इस तरह की प्रतिक्रिया को समझने के लिए अटैचमेंट स्टाइल (Attachment Style), रिजेक्शन सेंसिटिविटी (Rejection Sensitivity) और रिश्तों में भावनात्मक सुरक्षा जैसे शब्‍दों का इस्‍तेमाल किया जाता है. लेकिन कभीआपने सोचा है कि आखिर किसी के एक छोटे से रिप्लाई का इंतजार हमें इतना बेचैन क्यों कर देता है? आइए समझते हैं.

रिश्ते में भरोसे और भावनात्मक सुरक्षा की जरूरत-
दरअसल, जब हम किसी के करीब होते हैं, तो उससे भी वैसे ही जुड़ाव की उम्मीद करते हैं. ऐसे में उसका समय पर जवाब देना हमें यह महसूस करा सकता है कि हम उसकी जिंदगी में अहमियत रखते हैं. इसके उलट, जब जवाब आने में देर होती है, तो मन में रिश्ते को लेकर असुरक्षा पैदा हो सकती है. खासकर तब, जब हम पहले से ही उस रिश्ते को लेकर थोड़ा परेशान या बहुत सारी गलतफहमियों से घिरे हों.

अटैचमेंट एंग्जायटी भी हो सकती है वजह-
रिलेशनशिप साइकोलॉजी में अटैचमेंट स्टाइल का काफी महत्व है. कुछ लोग रिश्तों में भावनात्मक सुरक्षा को लेकर ज्यादा संवेदनशील होते हैं. इसे एंग्जायस अटैचमेंट (Anxious Attachment) कहा जाता है. ऐसे लोगों को पार्टनर की तरफ से कम मैसेज मिलना या जवाब में देरी होना ज्यादा परेशान कर सकता है. वे बार-बार सोच सकते हैं कि कहीं सामने वाला उनसे दूर तो नहीं हो रहा.

Image Credit: Canva

रिसर्च में यह बात सामने आई कि जिन लोगों में ‘एंग्जायस अटैचमेंट’ यानी थोड़ा ज्यादा फिक्र करने वाला नेचर होता है, वे अपने पार्टनर के मुकाबले खुद ज्यादा मैसेज भेजना पसंद करते हैं. उनके लिए सिर्फ बात होना काफी नहीं होता, बल्कि मैसेज की संख्या (क्वांटिटी) इस बात से तय होती है कि वे रिश्ते से कितने संतुष्ट महसूस कर रहे हैं, यहां तक कि कई बार यह रिश्ते की असल गहराई या क्वालिटी से भी ज्यादा मायने रखने लगता है.

जवाब नहीं मिलने पर दिमाग खुद बनाने लगता है कहानियां-
चैट करते वक्त सबसे बड़ी दिक्कत यह होती है कि सामने वाले का चेहरा, उसकी आवाज़ या उसके हाव-भाव हमें दिखाई नहीं देते. ऐसे में जब वो तुरंत रिप्लाई नहीं करते, तो हमारा दिमाग खुद ही हर बात का मतलब निकालने लगता है.

मिसाल के तौर पर, हो सकता है कि सामने वाला इंसान किसी जरूरी काम में फंसा हो, लेकिन हम सोचने लगते हैं कि “वो हमसे बात ही नहीं करना चाहता” या “जानबूझकर इग्नोर कर रहा है.” बस, यही कन्फ्यूजन और अनिश्चितता हमारे अंदर बेचैनी पैदा करने लगती है. और अगर रिश्ते में पहले से ही थोड़ी बहुत खटास या तनाव चल रहा हो, तो यह बेचैनी और भी ज्यादा बढ़ जाती है.

अगर कोई इंसान आपको हमेशा झटपट रिप्लाई करता था और अचानक उसके जवाब देने में देरी होने लगे, तो दिल बैठना लाजिमी है. यह बदलाव अचानक से बेचैनी बढ़ा देता है.

रिसर्च में यह दिलचस्प बात सामने आई कि बेचैनी या खुद को “इग्नोर” महसूस करने का अहसास इस बात पर निर्भर करता है कि वह मैसेज आपके लिए कितना जरूरी था और सामने वाला शख्स आमतौर पर कितनी जल्दी रिप्लाई करने के लिए जाना जाता है. यानी आदत जितनी पक्की होगी, देरी उतनी ही ज्यादा चुभेगी!

Image Credit: Canva

बार-बार फोन चेक करने से बढ़ सकती है बेचैनी-
जब जवाब का इंतजार होता है, तो हम बार-बार व्हाट्सऐप खोलते हैं, लास्ट सीन देखते हैं और नोटिफिकेशन चेक करते हैं. लेकिन ऐसा करने से हर बार जवाब मिलने की उम्मीद और बढ़ जाती है. जवाब नहीं आने पर निराशा भी बढ़ सकती है. धीरे-धीरे हमारा ध्यान अपने काम से हटकर फोन और सामने वाले के रिप्लाई पर टिकने लगता है.

इस स्थिति में खुद को कैसे संभालें?
यह बात हमेशा याद रखें कि किसी के मैसेज का देर से जवाब देना यह नहीं बताता कि वह आपसे नाराज है या उसे आपकी परवाह नहीं है. हो सकता है वह काम में व्यस्त हो या किसी परेशानी में हो. इसलिए हर बार अपनी तरफ से गलत मतलब न निकालें.

बार-बार फोन देखने के बजाय अपने काम में मन लगाएं, दोस्तों से बात करें और अपनी पसंद के काम करें. अगर कोई अपना अक्सर देर से जवाब देता है और इससे आपको बुरा लगता है, तो उससे झगड़ने के बजाय प्यार से अपनी बात कहें.

यह भी समझें कि हर किसी का हर समय फोन पर रहना संभव नहीं है. रिश्ते में एक-दूसरे को समय देने के साथ उनकी भावनाओं को समझना भी जरूरी है.

डिस्क्लेमर: यह लेख मनोवैज्ञानिक शोध और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. हर व्यक्ति और रिश्ते की स्थिति अलग हो सकती है.



Source link