Last Updated:
Plant Diseases: घर में लगे पौधे अचानक सूखने लगें, पत्तियां पीली पड़ जाएं या टहनियों का रंग काला होने लगे, तो इसे सिर्फ मौसम का असर समझकर नजरअंदाज न करें. कई बार ये पौधों में होने वाली बीमारियों या पोषक तत्वों की कमी के संकेत होते हैं. अच्छी देखभाल और समय पर पानी देने के बाद भी पौधे खराब हो सकते हैं. ऐसे में जरूरी है कि उनकी पत्तियों, टहनियों और फलों में होने वाले बदलावों पर ध्यान दिया जाए. गार्डनिंग एक्सपर्ट के अनुसार, कुछ सामान्य लक्षणों से पौधों की परेशानी को शुरुआती दौर में पहचाना जा सकता है. आइए जानते हैं ऐसी 7 समस्याओं के बारे में और उनसे बचाव के तरीके.
पत्तियों पर सफेद धारियां दिखना अगर पौधे की हरी पत्तियों पर सफेद रंग की टेढ़ी-मेढ़ी लकीरें या जाले जैसी निशानियां दिख रही हैं, तो यह लीफ माइनर जैसे कीटों का हमला हो सकता है. इनके लार्वा पत्तियों के अंदर रहकर ऊतकों को नुकसान पहुंचाते हैं. इससे पत्तियां कमजोर होने लगती हैं. क्या करें: प्रभावित पत्तियों को तोड़कर अलग कर दें. नीम ऑयल का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. इसके लिए एक लीटर पानी में नीम ऑयल मिलाएं और उत्पाद के लेबल पर दिए निर्देशों के अनुसार स्प्रे करें. पहले एक-दो पत्तियों पर इसका असर जांच लें. (Image-AI generated)
पत्तियां पीली होना और काले धब्बे पड़ना पत्तियों पर पीलेपन के साथ काले, भूरे या कत्थई धब्बे दिखाई देना फंगल इन्फेक्शन का संकेत हो सकता है. ज्यादा पानी देना, गमले में जलभराव और पत्तियों पर लंबे समय तक नमी रहना इसकी वजह बन सकते हैं. क्या करें: संक्रमित पत्तियों को काटकर हटा दें. पौधे को ऐसी जगह रखें जहां हवा आती रहे. पानी तभी दें जब मिट्टी की ऊपरी परत सूख जाए. फंगल इन्फेक्शन बढ़ने पर पौधों के लिए सही फंगीसाइड का इस्तेमाल करें. (Image-AI generated)
पत्तियां पीली, लेकिन नसें हरी रहना अगर नई पत्तियां पीली या हल्की बैंगनी दिख रही हैं, लेकिन उनकी नसें हरी हैं, तो यह आयरन की कमी का संकेत हो सकता है. इसे इंटरवेनल क्लोरोसिस कहते हैं. कई बार मिट्टी का पीएच ज्यादा होने से भी पौधा आयरन सही तरीके से नहीं सोख पाता.
क्या करें: मिट्टी का पीएच जांचें. जरूरत के अनुसार आयरन चेलेट जैसे पौधों के लिए बने आयरन सप्लीमेंट का इस्तेमाल करें. सिर्फ जंग लगे कील या लोहे का पानी डालना इसका भरोसेमंद इलाज नहीं है. (Image-AI generated)
Add News18 as
Preferred Source on Google
पुरानी पत्तियां पीली होना पौधे की पुरानी पत्तियां पहले पीली पड़ने लगें और बढ़त भी धीमी हो जाए, तो नाइट्रोजन की कमी हो सकती है. यह पोषक तत्व पत्तियों के विकास में अहम भूमिका निभाता है. क्या करें: पौधे की मिट्टी में थोड़ी अच्छी तरह तैयार वर्मीकंपोस्ट या गोबर की सड़ी हुई खाद मिलाएं. खाद की मात्रा गमले के आकार के हिसाब से रखें. जरूरत से ज्यादा खाद डालने से जड़ों को नुकसान हो सकता है. (Image-AI generated)
पत्तियों का मुड़ना या सिकुड़ना पत्तियां ऊपर या नीचे की तरफ मुड़ने लगें और मुरझाई हुई दिखें, तो इसकी वजह पानी की कमी हो सकती है. हालांकि, तेज गर्मी, कीटों का हमला और ज्यादा खाद भी इसकी वजह बन सकते हैं. क्या करें: सबसे पहले मिट्टी की नमी जांचें. मिट्टी सूखी हो तो अच्छी तरह पानी दें, ताकि अतिरिक्त पानी नीचे के छेद से निकल सके. अगर मिट्टी गीली है, तो दोबारा पानी न डालें. (Image-AI generated)
टहनियों का ऊपर से काला होकर सूखना टहनियों के सिरे से कालापन शुरू होकर धीरे-धीरे नीचे की तरफ बढ़े, तो यह डाई बैक की समस्या हो सकती है. इसमें टहनियां सूखने लगती हैं और बीमारी बढ़ने पर पूरा पौधा प्रभावित हो सकता है. क्या करें: संक्रमित हिस्से को साफ और धारदार कैंची से काटें. कटाई स्वस्थ हिस्से से थोड़ी नीचे करें. इस्तेमाल के बाद कैंची को भी साफ करें, ताकि संक्रमण दूसरे पौधों तक न पहुंचे. (Image-AI generated)
फूल आने के बाद फल गिरना पौधे में फूल तो आ रहे हैं, लेकिन छोटे फल पीले होकर गिर रहे हैं, तो इसकी वजह सिर्फ पोटेशियम की कमी नहीं होती. पानी का असंतुलन, तापमान में बदलाव और परागण की कमी भी इसके कारण हो सकते हैं. क्या करें: पौधे को नियमित और संतुलित पानी दें. फलदार पौधों के लिए बनी खाद का इस्तेमाल निर्देशों के अनुसार करें. केले के छिलके का पानी पोटेशियम का पक्का विकल्प नहीं है, इसलिए इसे खाद का पूरा विकल्प न मानें. (Image-AI generated)