सर्दियां आते ही हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, मेथी, सरसों, बथुआ और चौलाई पोषक तत्वों से भरपूर सब्जियां बाजार में खूब आने लगती हैं. इनमें विटामिन, आयरन, कैल्शियम और फाइबर अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं. हालांकि इन सब्जियों की पत्तियों में मिट्टी, धूल, कीड़े और उनके अंडे छिपे हो सकते हैं. यदि इन्हें बिना अच्छी तरह साफ किए इस्तेमाल किया जाए तो स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए हरी पत्तेदार सब्जियों की सही सफाई करना बहुत जरूरी है. आइए जानते हैं इन्हें साफ करने के आसान और प्रभावी तरीके.
सबसे पहले करें छंटाई
सब्जी को साफ करने से पहले उसकी पत्तियों को अच्छी तरह जांच लें. पीली, सड़ी हुई या कीड़ों से खराब पत्तियों को अलग कर दें. डंठलों में फंसी मिट्टी और सूखी पत्तियों को भी निकाल दें. इससे सफाई का काम आसान हो जाता है.
नमक वाले पानी का इस्तेमाल करें
एक बड़े बर्तन में पानी भरें और उसमें 1 से 2 चम्मच नमक मिला दें. अब पत्तेदार सब्जियों को 10 से 15 मिनट तक इस पानी में भिगोकर रखें. नमक का पानी छोटे कीड़ों और उनके अंडों को बाहर निकालने में मदद करता है. कुछ समय बाद आप देखेंगे कि कई कीड़े पानी की सतह पर तैरने लगते हैं.
सिरके के पानी से करें सफाई
हरी सब्जियों को साफ करने के लिए सिरका भी उपयोगी माना जाता है. एक लीटर पानी में 2 से 3 चम्मच सफेद सिरका मिलाएं और सब्जियों को 10 मिनट तक उसमें भिगोकर रखें. इससे पत्तियों पर मौजूद गंदगी और कुछ प्रकार के बैक्टीरिया हटाने में सहायता मिल सकती है.
बहते पानी में धोएं
भिगोने के बाद सब्जियों को 2 से 3 बार साफ पानी से धोएं. बेहतर होगा कि पत्तियों को अलग-अलग करके बहते पानी में साफ करें. इससे मिट्टी और बची हुई अशुद्धियां आसानी से निकल जाती हैं.
गर्म पानी का न करें इस्तेमाल
कई लोग कीड़े हटाने के लिए गर्म पानी का उपयोग करते हैं, लेकिन इससे पत्तियां मुरझा सकती हैं और उनमें मौजूद कुछ पोषक तत्व भी प्रभावित हो सकते हैं. इसलिए हमेशा सामान्य या हल्के ठंडे पानी का ही इस्तेमाल करें.
सुखाना भी है जरूरी
धोने के बाद सब्जियों को छलनी या सूती कपड़े पर फैलाकर कुछ देर सुखा लें. अतिरिक्त पानी निकल जाने पर सब्जियां ज्यादा समय तक ताजा बनी रहती हैं और पकाने में भी आसानी होती है.
ध्यान रखने योग्य बातें
कटी हुई सब्जी को धोने के बजाय पहले धोएं फिर काटें.
लंबे समय तक पानी में भिगोकर न रखें.
सब्जियों को फ्रिज में रखने से पहले पूरी तरह सूखा लें.
जैविक सब्जियों को भी धोना जरूरी है.