बांस-रस्सी के सहारे चढ़ाई बेल, कुंदरू की खेती से किसान को लाखों की कमाई की आस
Last Updated:
Agri: बस्तर के किसान पदम कश्यप ठंड के मौसम में कुंदरू की खेती कर रहे हैं. इस खेती से उन्हें डेढ़ से दो लाख रुपये तक का मुनाफा होने की उम्मीद है.
Kundru Cultivation: बस्तर के एक किसान ठंड के मौसम में कुंदरू की खेती कर रहे हैं. इस खेती से उन्हें डेढ़ से दो लाख रुपये तक का मुनाफा होने की उम्मीद है और फसल लगभग डेढ़ से दो साल तक चलती है.
अलग-अलग सब्जियों की खेती
ठंड का मौसम शुरू होने के बाद बस्तर के किसान खेती-किसानी पर अधिक ध्यान दे रहे हैं और विभिन्न सब्जियों की खेती कर रहे हैं. इसी कड़ी में बस्तर के किसान पदम कश्यप ने करीब आधा एकड़ जमीन पर कुंदरू की खेती की है. ठंड का यह मौसम कुंदरू की फसल के लिए अनुकूल माना जाता है, जिससे किसान को डेढ़ से दो लाख रुपये तक का मुनाफा होने की उम्मीद है.
खेती की शुरुआत और तरीका
लोकल 18 की टीम ने कुंदरू की खेती करने वाले किसान पद्मनाथ कश्यप से बातचीत की. पदम के अनुसार, खेती की शुरुआत में खेत की तैयारी की जाती है जिसके लिए दो बार हल चलाया जाता है. इसके बाद रोटावेटर से जमीन को भुरभुरा किया जाता है और फिर बेड तैयार किए जाते हैं. बेड से बेड की दूरी चार फीट और पौधे से पौधे की दूरी भी चार फीट रखी जाती है. इस खेती में बीज की जगह बेल लगाई जाती है और फसल में डीएपी, यूरिया तथा गोबर की खाद का उपयोग किया जाता है.
फसल की देखभाल और उत्पादन
एक बार पौधे लगाने के बाद यह फसल डेढ़ से दो साल तक चलती है और इसमें ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती. बेल को फैलने के लिए बांस और रस्सी के सहारे बांधा जाता है ताकि उत्पादन बेहतर हो. फसल लगभग ढाई महीने यानी 75 से 90 दिनों में तैयार हो जाती है और पौधों में फल लगने शुरू हो जाते हैं.
बीमारियों से कैसे करें बचाव
कुंदरू की खेती में आमतौर पर ज्यादा बीमारियों का प्रकोप नहीं होता है, लेकिन कुछ समस्याएं जैसे जड़ सड़न, फल सड़न और पाउडरी मिल्ड्यू फसल को नुकसान पहुंचा सकती हैं. इन बीमारियों से बचाव के लिए समय पर दवाइयों का छिड़काव करना पड़ता है ताकि फसल सुरक्षित रहे.
कितनी लागत और मुनाफा
इस खेती में खेत की तैयारी, मल्चिंग और अन्य खर्चों को मिलाकर कुल 30 से 40 हजार रुपये की लागत आती है. इसके सामने डेढ़ से दो लाख रुपये तक का मुनाफा होने की संभावना जताई गई है, क्योंकि यह फसल लंबे समय तक उत्पादन देती है.