‘आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा भारत’: राहुल ने बेरोजगारी और शिक्षा पर उठाए सवाल
Last Updated:
Rahul Gandhi in Columbia University: राहुल गांधी ने अपने अमेरिका दौरे के दौरान भारत की आर्थिक स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है. न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने कहा कि भारत एक गंभीर आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जिसकी गंभीरता को नजरअंदाज किया जा रहा है.
राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बेरोजगारी और शिक्षा संकट का मुद्दा उठाया.
Rahul Gandhi in Columbia University: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई है. अमेरिका दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क की कोलंबिया युनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत आर्थिक संकट की तरफ बढ़ रहा है. उन्होंने देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की खामियों को इसकी प्रमुख वजहों में गिनाया.
राहुल गांधी ने कहा कि भारत इस समय एक ऐसे आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जिसकी गंभीरता को नजरअंदाज किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया और दूसरे लोग भले ही इस स्थिति को सामने न आने दें, लेकिन देश में बेरोजगारी की समस्या बेहद गंभीर है. इसके साथ ही शिक्षा व्यवस्था भी बड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है.
समाचार एजेंसी एएनआई के हवाले से कांग्रेस नेता ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति को लेकर केवल सतही चर्चा करने से समस्याएं दूर नहीं होंगी. बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है. राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब वह अपने अमेरिका दौरे के दौरान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों को लेकर अपनी राय रख रहे हैं.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, भारत के युवाओं को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे. उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को लेकर निराशा जताने वाले युवाओं का एक बड़ा हिस्सा मिडिल क्लास परिवारों से आता है. इन युवाओं ने औपचारिक शिक्षा तो ली है, लेकिन अपने भविष्य को लेकर वे लगातार निराश होते जा रहे हैं.
उन्होंने कहा, “हम इस पर अध्ययन कर रहे हैं, इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं. इसकी वजह काफी दिलचस्प है – असल बात यह है कि इन युवाओं को अपना कोई भविष्य नजर नहीं आ रहा है.” राहुल ने कहा कि करियर के मौकों को लेकर युवाओं और उनके माता-पिता के बीच दूरियां बढ़ रही हैं. उन्होंने बताया कि नई पीढ़ी, पिछली पीढ़ी की सलाह और अनुभवों पर सवाल उठा रही है.