कुंदन कुमार/गया: बिहार के गया जिले के इमामगंज प्रखंड क्षेत्र में स्थित बहेरा गांव आज बिहार में सामाजिक बदलाव की ऐसी मिसाल बन चुका है, जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश में हो रही है. कभी यह गांव गरीबी, संसाधनों की कमी और बदहाल रास्तों के लिए जाना जाता था. आज यही गांव अपने शिक्षित युवा, सरकारी अधिकारी, वैज्ञानिक, इंजीनियर और डॉक्टर की लंबी फेहरिस्त के कारण नई पहचान बना चुका है. जिस गांव के बच्चे कभी फटे बस्ते और नंगे पांव पांच किलोमीटर पैदल चलकर पढ़ने जाते थे, उसी गांव का एक बेटा आज अमेरिका में वैज्ञानिक है, दूसरा हरियाणा में मुख्य चुनाव सचिव के पद पर कार्यरत है. गांव के दर्जनों युवा शिक्षक, इंजीनियर, बैंक अधिकारी, रेलवे अधिकारी और डॉक्टर बनकर देशभर में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं. शिक्षा की इस अलख का असर अब पूरे गांव की पहचान बन चुका है. लगभग 250 घरों वाले इस गांव में 100 से अधिक व्यक्ति सरकारी नौकरी में हैं.
गांव के राजीव रंजन हरियाणा में मुख्य चुनाव सचिव के पद पर कार्यरत हैं. वहीं राजेश रंजन अमेरिका में वैज्ञानिक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इसी गांव के विनोद कुमार अंबष्ट रसायन शास्त्र के प्रसिद्ध लेखक हैं, जिन्हें राजीव गांधी एक्सीलेंसी अवार्ड और द बेस्ट सिटिजन ऑफ इंडिया जैसे प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुका हैं. बहेरा आज उन चुनिंदा गांवों में शामिल हो चुका है, जहां शिक्षा सामाजिक क्रांति का आधार बनी है.
बहेरा की कहानी केवल एक गांव की सफलता नहीं, बल्कि उस बिहार की नई तस्वीर है जो संघर्ष, शिक्षा और मेहनत के दम पर अपनी पहचान बदल रहा है. गांव के रहने वाले अशोक कुमार बताते हैं कि इस गांव में सरकारी नौकरी की शुरुआत देश की आजादी से पहले साल 1920 में हुई थी जब इनके दादा महादेव महतो शिक्षक बने थे और शेरघाटी स्थित रंगलाल हाई स्कूल में कई वर्षो तक प्रधानाचार्य के रुप में सेवा दिए थे.
गांव के भूपेंद्र प्रसाद कहते हैं कि बहेरा चुआबार गांव के परिवर्तन की नींव वर्षों पहले पड़ी थी. उस दौर में ग्रामीण समाज में शिक्षक को विशेष महत्व नहीं दिया जाता था और अधिकांश परिवार बच्चों को खेती-बाड़ी में लगाना बेहतर समझते थे. ऐसे समय में गांव के महादेव महतो, बद्री नारायण अम्बसट और रामदास साहु ने शिक्षा को बदलाव का माध्यम बनाने का बीड़ा उठाया. धीरे-धीरे लोगों में शिक्षा की जागरूकता बढ़ी और सरकारी नौकरी की ओर रुझान बढ़ने लगा.
गांव के रहने वाले भीख नारायण महतो एक साधारण किसान थे उनके चार बेटे हैं और चारो बेटे और इनके घर की महिलाएं अच्छी नौकरी कर रहे हैं. इनके घर में आईएएस अधिकारी, इंजिनियर, प्रोफेसर, शिक्षक जैसे पद को सुशोभित कर रहे हैं. इस गांव के रहने वाले विनोद कुमार अम्बस्ट लेखक, अमरेश कुमार अमर रेलवे, हरेंद्र कुमार सचिवालय सहायक इनकी पत्नी प्रियंका कुमारी बैंक मैनेजर, रोहित कुमार यादव सीआरपीएफ कमांडेंट, सुबोध कुमार गुप्ता बैंक मैनेजर, अम्बुज कुमार गुप्ता हेडमास्टर, संध्या कुमारी शिक्षिका, विद्युत कुमार रेलवे में जबकि अवधेश कुमार स्टेशन मास्टर हैं.
इस गांव की महिलाएं भी पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं और लगभग 40 की संख्या में महिलाएं नौकरी में है. एक समय था जब इस गांव तक पहुंचने के लिए एक अच्छी सड़क नहीं थी. पढ़ाई करने के लिए यहां के लोगों को नदी पार कर गुरिया हाई स्कूल जाना पड़ता था. गांव के लोगों ने खेती किसानी कर अपने बच्चों को पढ़ाया लिखाया और आज इस गांव में 100 से अधिक व्यक्ति सरकारी नौकरी कर रहे हैं.