UPSC एग्जाम में AI बेस्ड सिक्योरिटी पर दे रहा जोर, फेस ऑथेंटिकेशन से होगी अभ्यर्थियों की पहचान

UPSC एग्जाम में AI बेस्ड सिक्योरिटी पर दे रहा जोर, फेस ऑथेंटिकेशन से होगी अभ्यर्थियों की पहचान


UPSC Exam : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने 16 नवंबर को एक दिवसीय वर्कशॉप आयोजित किया. जिसमें राज्य लोक सेवा आयोगों (PSCs) के सचिव और सीनियर अधिकारी शामिल हुए. इसका मकसद कामकाज में आने वाली चुनौतियों की पहचान करना, बेहतरीन तौर-तरीकों का अदान-प्रदान करना और पूरे देश में भर्ती और परीक्षा प्रणालियों में सुधार करना था.

पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्कशॉप का मकसद यूपीएससी और राज्य आयोगों के बीच तालमेल को मजबूत करना और पूरे देश में प्रशासनिक मानकों को एक समान बनाने की दिशा में काम करना था. यह चर्चा ऐसे समय में हुई है जब UPSC की बड़े पैमाने पर होने वाली भर्ती परीक्षाओं को सुरक्षित तरीके से आयोजित करने पर जोर दिया जा रहा है. साथ ही, गड़बड़ियों को रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तकनीक के इस्तेमाल पर भी ध्यान दिया जा रहा है.

तकनीक अपनाने पर जोर

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए, UPSC के अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस सुझाव के अनुरूप है, जिसमें उन्होंने आयोग के शताब्दी समारोह के दौरान लोक सेवा आयोगों के बीच बेहतरीन तौर-तरीकों को साझा करने पर जोर दिया था.

उन्होंने परीक्षा की शुचिता (integrity) बनाए रखने में तकनीक की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं को तकनीक के दुरुपयोग के प्रयासों को विफल करने के लिए तकनीकी समाधान अपनाने चाहिए.

UPSC ने AI-आधारित परीक्षा सुरक्षा उपायों पर जोर दिया

कुमार ने आयोग द्वारा भर्ती और परीक्षा प्रक्रियाओं को मजबूत करने के लिए शुरू की गई कई तकनीकी पहलों के बारे में भी बताया. इनमें परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों के लिए AI-आधारित ‘फेस ऑथेंटिकेशन’ (चेहरे की पहचान), आवेदकों के लिए एक यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन नंबर, विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) के प्रस्तावों का डिजिटलीकरण और इंटरव्यू बोर्ड का कंप्यूटरीकृत रैंडमाइजेशन शामिल हैं.

उन्होंने कहा कि इन उपायों का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली को अधिक निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है, साथ ही इसकी शुचिता को भी सुरक्षित रखना है.

राज्य PSC भर्ती से जुड़े बेहतरीन तौर-तरीके करेंगे साझा

UPSC के सचिव शशि रंजन कुमार ने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य केवल एकतरफा जानकारी साझा करना नहीं, बल्कि सहयोग के लिए एक मंच तैयार करना था. उन्होंने बताया कि कई राज्य आयोगों ने डिजिटल आवेदन प्रक्रिया, क्षेत्रीय भाषाओं में परीक्षा आयोजित करने और शिकायतों के निवारण जैसे क्षेत्रों में प्रभावी तरीके विकसित किए हैं.

उन्होंने भाग लेने वाले आयोगों को इन तौर-तरीकों को दर्ज करने और एक साझा प्लेटफॉर्म (repository) के माध्यम से साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे पूरे देश की भर्ती संस्थाओं को लाभ मिल सके. इस कार्यशाला में चार वर्किंग सेशन भी हुए, जिनमें परीक्षा, भर्ती, भर्ती नियम, और अनुशासनात्मक तथा अपील मामलों पर चर्चा की गई. UPSC की संबंधित शाखाओं के अधिकारियों ने अपनी कार्य-प्रणालियाँ प्रस्तुत कीं, जिसके बाद राज्य आयोगों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा हुई. इस पहल से राज्य लोक सेवा आयोगों के बीच प्रशासनिक समाधानों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलने और भर्ती प्रक्रियाओं को मजबूत होने की उम्मीद है.



Source link