CSK ही धोनी हैं और धोनी ही CSK हैं… चेन्नई नहीं माही के लिए भरता था चेपॉक!
Last Updated:
MS Dhoni Mentor CSK: महेंद्र सिंह धोनी का इंडियन प्रीमियर लीग में खिलाड़ी के तौर पर करियर मंगलवार को समाप्त हो गया, जब उनकी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स ने उन्हें टीम का मेंटर (मार्गदर्शक) नियुक्त किया. माही के संन्यास के साथ ही आईपीएल के एक अध्याय का अंत हो गया. धोनी फ्रेंचाइजी के लिए 5,314 रन के साथ दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, इसके अलावा वह सुपरकिंग्स के लिए सर्वाधिक 272 मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं.
एमएस धोनी अब बतौर प्लेयर नहीं मेंटॉर सीएसके का हिस्सा होंगे.
नई दिल्ली: जिसका डर था वही हुआ, अब माही कभी आईपीएल में खेलते नहीं दिखेंगे. महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2027 से टीम के नए हेड कोच जहीर खान के साथ डगआउट में मेंटॉर के रोल में नजर आएंगे. जब से चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपना पांचवां खिताब जीता था, तब से ही एक खिलाड़ी के तौर पर उनके फ्यूचर को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. 2024 सीजन से पहले माही ने कप्तानी छोड़ दी थी. इसके बाद तो वह सिर्फ बतौर प्लेयर ही टीम का हिस्सा होते थे, लेकिन पिछले पूरे सीजन में उन्होंने एक भी मैच नहीं खेला.
CSK नहीं धोनी के लिए मैदान आते थे फैंस
धोनी हमेशा उस फिनिशर के तौर पर याद रखें जाएंगे, जो मैच को आखिरी ओवर तक ले जाने में यकीन रखता था. भले ही उम्र के साथ उनकी क्षमताएं कुछ कम हो गई थीं, लेकिन अब भी बड़े शॉट्स लगाने की ताकत बरकरार थी, लेकिन यह कभी-कभी ही देखने को मिलती थी. स्पिनर्स के खिलाफ तो वह बिलकुल बेबस नजर आने लगे थे. जब CSK को उनके फिनिशिंग टच की सबसे ज्यादा जरूरत होती, तब वह करिश्मा नहीं कर पाते. इसके बावजूद माही की फैन फॉलोइंग में कोई कमी नहीं थी. चेपॉक में सिर्फ उन्हें पांच-छह गेंद खेलते देखने के लिए ही स्टेडियम भर जाते थे. लोग उनकी एक झलक पाना चाहते या एकाध छक्का देखकर ही खुश हो जाते. उन्हें हार या जीत से कोई मतलब नहीं रह गया था. सीएसके पॉइंट्स टेबल में कहां है? टीम आईपीएल जीत रही है या नहीं, ये सब पीछे छूट चुका था.
- मैच- 278
- रन- 5439
- ट्रॉफी- 5
- फाइनल- 11
- प्लेऑफ- 13
अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाने के अलावा माही के नाम 2011 में भारत को अपनी कैप्टेंसी में वर्ल्ड चैंपियन बनाने का भी क्रेडिट है. अगस्त 2020 में वह इसी तरह रातों-रात इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो गए थे.सुपरकिंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने बयान में कहा:
महेंद्र सिंह धोनी के बिना सुपरकिंग्स की कल्पना नहीं की जा सकती. करीब दो दशक से हम हर सफलता, मुश्किल और उतार-चढ़ाव में एक-दूसरे के साथ रहे हैं और साथ मिलकर आगे बढ़े हैं.
सीएसके के पूर्व कप्तान धोनी बतौर मेंटोर चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा रहेंगे.
श्रीनिवासन की बेटी और फ्रेंचाइजी की सह मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा:
महेंद्र सिंह धोनी मेंटर के तौर पर सुपरकिंग्स परिवार का हिस्सा बने रहेंगे. उनका अनुभव और विशेषज्ञता हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है, विशेषकर बदलाव के इस दौर में. टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं और उनका मार्गदर्शन सुपरकिंग्स की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करेगा.
दूसरी पारी में धोनी के सामने कितने चैलेंज?
धोनी साउथ इंडिया के बिलकुल उसी सुपरस्टार कल्चर का हिस्सा बन चुके थे, जहां किसी शख्स को भगवान की तरह पूजा जाता है. धोनी के लिए एक अध्याय बंद हो रहा है तो वहीं दूसरा अध्याय शुरू हो रहा है. CSK को चेपॉक में काफी मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा है. यहां बजने वाली सीटियां काफी समय से खामोश हैं. फैंस की निराशा अब गुस्से में बदल गई है. अब CSK को बतौर मेंटॉर वही करिश्मा दोहराना होगा, जो उन्होंने कभी बतौर कप्तान किया था.