Last Updated:
MP CG Top News Today: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के हर कोने से ताजा खबरों के लिए News18 से जुड़े रहें. यहां आपको राजनीतिक हलचल, क्राइम, प्राकृतिक आपदाएं, स्थानीय विकास तक हर क्षेत्र की छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी खबरें मिलेंगी.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टॉप न्यूज.
MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
बाबा महाकाल के दर पर बच्चों संग आईं अभिनेत्री रवीना टंडन
बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन सोमवार रात अपने परिवार के साथ भगवान महाकाल के दर्शन करने पहुंचीं. इस दौरान उनके साथ बेटी और अभिनेत्री राशा टंडन के अलावा बेटा भी मौजूद था. शयन आरती में शामिल होकर अभिनेत्री ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया. दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं और यहां के आध्यात्मिक वातावरण की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि महाकाल के दरबार में आने से एक अलग ही ऊर्जा मिलती है.
भोपाल में 26 नवंबर को कांग्रेस का ‘संविधान रक्षा मार्च’
भोपाल में 26 नवंबर को कांग्रेस द्वारा ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकाला जाएगा. मार्च में एक लाख कार्यकर्ता जुटाने का लक्ष्य है. पहले यह कार्यक्रम दिल्ली में प्रस्तावित था लेकिन अब सभी राज्यों में आयोजन का फैसला लिया गया है. कार्यक्रम में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शामिल होने की भी उम्मीद है. मार्च से पहले 22 नवंबर से कांग्रेस ‘वोट रक्षक’ अभियान शुरू करेगी. इसके तहत हर बूथ पर एक वोट रक्षक नियुक्त होगा, जो मतदाता सूची से हटाए गए नामों का सत्यापन करेगा. वहीं 29 नवंबर से ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ चौपाल भी आयोजित की जाएगी.
छत्तीसगढ़ में दिखेगा चक्रवात अकवान का असर
छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान का असर देखने को मिलेगा. 20 नवंबर को बस्तर में भारी बारिश का अलर्ट है. बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव बन रहा है. यह आज शाम तक चक्रवात अकवान में तब्दील होगा. चक्रवात 20 नवंबर को दोपहर आंध्र प्रदेश में नेल्लौर-तूनी के बीच टकराएगा. तूफान 145 किमी की रफ्तार से टकराएगा. 20 नवंबर को सुकमा-बीजापुर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. बस्तर के बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. 20-21 नवंबर को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में भी हल्की बारिश संभावित है.