Jaipur: पिता अस्पताल में भर्ती, बेटी की शादी के लिए WhatsApp ग्रुप ने जुटाए 3 लाख, सोने-चांदी के गहने भी दिए

Jaipur: पिता अस्पताल में भर्ती, बेटी की शादी के लिए WhatsApp ग्रुप ने जुटाए 3 लाख, सोने-चांदी के गहने भी दिए


Last Updated:

Kalwar Social Support Wedding: जयपुर ग्रामीण के कालवाड़ गांव में सोशल मीडिया की ताकत और सामूहिक सहयोग की मिसाल सामने आई है. यहां एक बेटी की शादी के लिए व्हाट्सएप ग्रुप के सदस्यों और भामाशाहों ने मिलकर करीब 3 लाख रुपए का कन्यादान जुटाया. तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी परख शर्मा की शादी कल धूमधाम से हुई, लेकिन उनके पिता दिनेश शर्मा दोनों किडनी और लीवर फेल होने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं. ऐसे में परिवार के सामने शादी की व्यवस्थाएं करना बड़ी चुनौती बन गया था. परख की मदद की अपील पर कालवाड़ फैमिली व्हाट्सएप ग्रुप के संचालक गोविंद पारीक और हरी सेवा आश्रम के संचालक विजय शर्मा ने लोगों को सहयोग के लिए प्रेरित किया. भामाशाहों ने नकद राशि के साथ सोने-चांदी के आभूषण, साड़ी और शादी का जरूरी सामान भी भेंट किया.

जयपुर. सोशल मीडिया का इस्तेमाल अगर नेक काम के लिए किया जाए तो यह किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी मदद बन सकता है. ऐसा ही एक सराहनीय उदाहरण जयपुर ग्रामीण के कालवाड़ गांव में देखने को मिला, जहां एक बेटी की शादी में आर्थिक परेशानी को देखते हुए व्हाट्सएप ग्रुप के सदस्यों और भामाशाहों ने मिलकर करीब 3 लाख रुपए का कन्यादान जुटाया. इसके साथ ही शादी में काम आने वाला जरूरी सामान और सोने-चांदी के आभूषण भी भेंट किए गए. इस सामूहिक सहयोग से संकट के दौर से गुजर रहे परिवार को बड़ी राहत मिली है.

बताया जा रहा है कि तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी परख शर्मा की शादी कल हुई है. उनके पिता दिनेश शर्मा दोनों किडनी और लीवर फेल होने के कारण अस्पताल में उपचार चल रहा है. परिवार पहले से ही इस मुश्किल परिस्थिति से गुजर रहा था. ऐसे में बेटी की शादी की जिम्मेदारी और आर्थिक व्यवस्थाएं परिवार के लिए चुनौती बन गई थीं. परख शर्मा की ओर से मदद के लिए की गई छोटी-सी अपील के बाद लोगों ने सहयोग का हाथ बढ़ाया.

व्हाट्सएप ग्रुप की अपील पर आगे आए युवा और भामाशाह

परख की अपील को कालवाड़ फैमिली व्हाट्सएप ग्रुप के संचालक गोविंद पारीक ने ग्रुप के सदस्यों तक पहुंचाया. इसके बाद ग्रुप से जुड़े लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग देना शुरू किया. वहीं हरी सेवा आश्रम के संचालक विजय शर्मा के आह्वान पर भी अनेक युवा और भामाशाह मदद के लिए आगे आए. देखते ही देखते कन्यादान के रूप में करीब 3 लाख रुपए की राशि एकत्रित हो गई. इसके साथ ही शादी के लिए जरूरी घरेलू और अन्य सामान भी जुटाया गया.

कन्यादान में सोने-चांदी के आभूषण भी भेंट किए

इस सहयोग अभियान की खास बात यह रही कि लोगों ने केवल नकद राशि देकर ही अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं की, बल्कि बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए आभूषण और अन्य सामग्री भी भेंट की. सहयोग करने वाले भामाशाहों की ओर से पांच चांदी के आभूषण और एक सोने का आभूषण दिया गया. इसके अलावा साड़ी और शादी में उपयोग होने वाला अन्य जरूरी सामान भी उपलब्ध करवाया गया. लोगों के इस अपनत्व और सहयोग से परख के परिवार को कठिन समय में संबल मिला.

पहले भी 51 लाख रुपए से अधिक की कर चुके हैं मदद

कालवाड़ फैमिली व्हाट्सएप ग्रुप के संचालक गोविंद पारीक और विनोद प्रजापत ने बताया कि ग्रुप के माध्यम से पहले भी कई जरूरतमंद बहनों के कन्यादान करवाए जा चुके हैं. इसके अलावा गोसेवा और अन्य जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी ग्रुप के सदस्य लगातार आगे आते रहे हैं. उन्होंने बताया कि अब तक ग्रुप के माध्यम से करीब 51 लाख रुपए की सहायता राशि एकत्रित कर अलग-अलग जरूरतमंद परिवारों और लोगों तक पहुंचाई जा चुकी है.

सरपंच और भामाशाहों ने परख को सौंपा सहयोग

कालवाड़ सरपंच नरेंद्र मीणा और क्षेत्र के भामाशाहों के सहयोग से एकत्रित की गई राशि और सामग्री परख शर्मा को सुपुर्द की गई. इस दौरान परख को विवाह की शुभकामनाएं देते हुए सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया गया. मुश्किल समय में समाज और परिचितों से मिले इस सहयोग ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जरूरत के समय लोग एकजुट हो जाएं तो किसी परिवार की बड़ी परेशानी को भी कम किया जा सकता है.



Source link