पटना: बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है. छठ के बाद से हल्की ठंड शुरू हो गई है. इस बीच बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Akvan) ने भी बिहार की टेंशन बढ़ा दी है. ये तूफान धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके अगले कुछ दिनों में और ताकतवर होने की आशंका है. वैसे बिहार में तूफान का ज्यादा असर नहीं दिखेगा. लेकिन 13 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. वैसे मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बिहार में अगले सात दिनों तक ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. 13 जिलों में 21 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है.
अभी कहां है तूफान अकवान?
मौसम विभाग के मुताबिक17 नवंबर की सुबह 8:30 बजे तूफान अकवान दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर था. इसकी दूरी चेन्नई से करीब 610 किलोमीटर पूर्व, आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से 660 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम से 670 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व थी. ओडिशा के गोपालपुर से यह करीब 790 किलोमीटर दक्षिण में था. तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है.
क्या होगी हवा की रफ्तार?
IMD के मुताबिक 17 नवंबर की शाम तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है. इसके बाद 19 नवंबर की सुबह तक ये अति गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है. 20 नवंबर की दोपहर के आसपास इसके आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तूनी के बीच तट से टकराने का अनुमान है. उस समय हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है. झोंकों की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
बिहार में कहां-कहां होगी बारिश?
बिहार मौसम विज्ञान केंद्र पटना की रिपोर्ट के मुताबिक चक्रवाती तूफान अकवान का बिहार में बहुत ज्यादा असर पड़ने का अनुमान नहीं है. अगले चार दिनों यानी 17 से 20 नवंबर तक राज्य के सभी मौसम क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, 21 नवंबर को बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के एक-दो स्थानों पर बारिश होने का अनुमान जताया है.
इन जिलों में हो सकती है बारिश
दक्षिण-मध्य बिहार: पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय.
दक्षिण-पूर्व बिहार: जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर.
वहीं उत्तर-पश्चिम बिहार, उत्तर-मध्य बिहार, उत्तर-पूर्व बिहार और दक्षिण-पश्चिम बिहार में 17 से 23 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. यानी पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार समेत उत्तर बिहार के जिलों में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है.