कनॉट प्लेस में है 200 साल पुराना शिव मंदिर, महाभारत काल से जुड़ा है इतिहास, 4 पीढ़ियों से एक ही परिवार कर रहा सेवा

कनॉट प्लेस में है 200 साल पुराना शिव मंदिर, महाभारत काल से जुड़ा है इतिहास, 4 पीढ़ियों से एक ही परिवार कर रहा सेवा


होमताजा खबरDelhi

कनॉट प्लेस में है 200 साल पुराना शिव मंदिर, महाभारत काल से जुड़ा है इतिहास

Last Updated:

Delhi Ancient Shiva Temple: दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन शिव मंदिर का इतिहास 150 से 200 साल पुराना बताया जाता है. राजा जय सिंह द्वारा निर्मित इस मंदिर में महाभारत काल और अर्जुन की तपस्या से जुड़ी मान्यताएं हैं. यहां कलिंग शिवलिंग स्थापित है.

ख़बरें फटाफट

दिल्ली. दिल्ली के कनॉट प्लेस (सीपी) की भागदौड़ और भीड़भाड़ के बीच एक ऐसा प्राचीन मंदिर मौजूद है, जिसका इतिहास करीब 150 से 200 साल पुराना बताया जाता है. बाबा खड़क सिंह मार्ग पर स्थित इस मंदिर का नाम प्राचीन शिव मंदिर है. यह मंदिर अपनी धार्मिक मान्यताओं, ऐतिहासिक परंपरा और अनोखे शिवलिंग की वजह से खास पहचान रखता है. यहां आने वाले श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन करने के साथ मंदिर से जुड़ी पुरानी मान्यताओं के बारे में भी जान सकते हैं.

राजा जय सिंह ने करवाया था मंदिर का निर्माण
मंदिर के सेवक प्रकाश कौशिक बताते हैं कि इस मंदिर का निर्माण जयपुर के राजा जय सिंह ने करवाया था. उनके मुताबिक, मंदिर करीब 150 से 200 साल पुराना है. खास बात यह है कि मंदिर की सेवा और देखरेख का जिम्मा एक ही परिवार की चार पीढ़ियां संभालती आ रही हैं. प्रकाश कौशिक इस परिवार की चौथी पीढ़ी से हैं और आज भी मंदिर की सेवा में लगे हुए हैं. इस तरह वर्षों पुरानी परंपरा आज भी जारी है.

अर्जुन की तपस्या से जुड़ी है मंदिर की मान्यता
इस प्राचीन शिव मंदिर के साथ महाभारत काल से जुड़ी एक धार्मिक मान्यता भी प्रचलित है. प्रकाश कौशिक बताते हैं कि मान्यता के अनुसार, अर्जुन ने इसी स्थान पर भगवान शिव की तपस्या की थी. उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शंकर ने उन्हें दर्शन दिए थे और धनुष-बाण प्रदान किया था. इसी वजह से इस स्थान को पांडवों से जुड़ा हुआ माना जाता है.

मंदिर का शिवलिंग है बेहद खास
इस मंदिर में स्थापित शिवलिंग भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है. प्रकाश कौशिक के मुताबिक, यह प्राचीन कलिंग शिवलिंग है. इसे न तो कहीं से लाकर स्थापित किया गया है और न ही मंदिर में अलग से बनाया गया है. यह मंदिर के निर्माण के समय से ही यहां मौजूद है. शिवलिंग के बीच में जनेऊ जैसी आकृति दिखाई देती है, जो इसे खास बनाती है. यही वजह है कि यहां आने वाले श्रद्धालु इस शिवलिंग को बेहद श्रद्धा के साथ देखते हैं.

सोमवार को उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़
मंदिर में सोमवार के दिन विशेष रौनक रहती है. सुबह 5 बजे से रात 11:30 बजे तक श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इस दिन विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और भंडारे का आयोजन किया जाता है. भगवान शिव को भोग लगाया जाता है और भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाता है.

जानिए मंदिर में दर्शन का समय
मंदिर में शनिवार और मंगलवार को सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक दर्शन होते हैं. वहीं, बाकी दिनों में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक श्रद्धालु मंदिर आ सकते हैं. कनॉट प्लेस जैसे व्यस्त इलाके में स्थित यह प्राचीन शिव मंदिर आज भी अपनी पुरानी धार्मिक परंपराओं को संजोए हुए है. करीब दो सदियों का इतिहास और चार पीढ़ियों से जारी सेवा इसे दिल्ली के खास धार्मिक स्थलों में शामिल करती है.



Source link