Last Updated:
छत्तीसगढ़ के जंगलों में इन दिनों एक हाथी को पकड़ने के लिए बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. 20 साल के इस हाथी का नाम ‘कबरा कान’ है. यह हाथी पिछले 6-7 महीनों में कथित तौर पर 16 लोगों को कुचलकर मार चुका है. इसे पकड़ने के लिए 100 से ज्यादा वनकर्मी, तीन पशु चिकित्सक, दो प्रशिक्षित कुमकी हाथी और ड्रोन की मदद ली जा रही है.
‘कबरा कान’ नाम के हाथी ने अबतक 16 लोगों की जान ली है. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
छत्तीसगढ़. छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से के जंगलों में एक हाथी चुनौती बना हुआ है. करीब 3 हजार किलो वजनी इस हाथी को ‘कबरा कान’ नाम दिया गया है. इस हाथी के कान पर अलग तरह के निशान और रंग के कारण इसकी पहचान इस नाम से हुई है. बताया जा रहा है कि हाथी मस्त अवस्था में है. काफी आक्रामक हो चुका है. पिछले छह से सात महीनों में इस हाथी ने कोरिया, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के जंगलों में घूमते हुए कथित तौर पर 16 लोगों की जान ली है. यह हाथी करीब 75 किलोमीटर के दायरे में लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है. इसकी रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह एक रात में 35 से 40 किलोमीटर तक का सफर तय कर लेता है.
हाथी को बेहोश कर पकड़ने के लिए वन विभाग को 12 नवंबर को राज्य और केंद्र सरकार से परमिशन मिली थी. इसके बाद से वन विभाग ने बड़े स्तर पर कैंपेन शुरू किया है. पिछले चार दिनों से 100 से ज्यादा वनकर्मी, जिनमें डीएफओ भी शामिल हैं, हाथी की तलाश में जुटे हैं. तीन पशु चिकित्सकों की अलग-अलग टीमें जंगल से बाहर निकलने वाले रास्तों पर तैनात की गई हैं. हाथी की लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही है. इसके अलावा कर्नाटक से करीब एक दशक पहले छत्तीसगढ़ लाए गए दो ट्रेन्ड कुमकी हाथियों को भी ऑपरेशन में शामिल किया गया है.
दूसरे हाथियों के झुंड में छिपा कबरा कान
वन विभाग के सामने सबसे बड़ी परेशानी यह है कि कबरा कान दूसरे हाथियों के झुंड में शामिल हो गया है. अधिकारियों के मुताबिक, संभव है कि उसे इस बात का अंदाजा हो गया है कि वन विभाग उसकी तलाश कर रहा है. ऐसे में वह दूसरे हाथियों के बीच रहकर अपनी पहचान छिपा रहा है. अधिकारी बताते हैं कि वह झुंड से करीब 10 से 20 मीटर पीछे चलता है. दूसरे हाथी भी उसे अपने साथ रखने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं. झुंड के साथ उसका संघर्ष भी हुआ है. वन विभाग को उम्मीद है कि वह जल्द ही झुंड से अलग होगा और उसे पकड़ने का मौका मिलेगा.
बेहोश करने के बाद ट्रक में ऐसे किया जाएगा शिफ्ट
वन विभाग की योजना है कि हाथी को जंगल से बाहर निकलने के बाद ही ट्रैंकुलाइज किया जाए. इसकी वजह है कि बेहोश या अर्धबेहोश होने के बाद करीब 3 हजार किलो वजनी हाथी को जंगल से बाहर निकालना बेहद मुश्किल होगा. इसके लिए जमीन में एक बड़ा गड्ढा खोदा गया है. आठ पहियों वाले ट्रक के पिछले हिस्से को गड्ढे में नीचे किया गया है. हाथी को बेहोश करने के बाद कुमकी हाथियों की मदद से धीरे-धीरे ट्रक तक लाया जाएगा. इसके लिए एक रैंप भी तैयार किया गया है.
छत्तीसगढ़ में हाथियों के हमले से 340 से ज्यादा मौतें
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में मानव-हाथी संघर्ष लंबे समय से गंभीर समस्या बना हुआ है. वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2000 से 2023 के बीच छत्तीसगढ़ में 737 लोगों की हाथियों के हमले में मौत हुई, जबकि 91 लोग घायल हुए. इस दौरान 218 हाथियों की भी मौत हुई. इनमें 77 हाथियों की मौत बिजली के करंट से हुई. हाथियों के हमलों से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में जशपुर, धरमजयगढ़, सूरजपुर और कोरबा शामिल हैं. वहीं, इसी साल जनवरी में छत्तीसगढ़ विधानसभा में पेश आंकड़ों के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में राज्य में हाथियों के हमलों से 340 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है.