उत्तराखंड में दो भीषण सड़क हादसे, 12 लोगों की मौत, 31 घायल, नदी में गिरी बस तो खाई में समाई कार

उत्तराखंड में दो भीषण सड़क हादसे, 12 लोगों की मौत, 31 घायल, नदी में गिरी बस तो खाई में समाई कार


टिहरी/रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 12 लोगों की मौत हो गई और 31 अन्य घायल हो गए. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों में हुए इन हादसों पर दुख जताया और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. उन्होंने प्रशासन को घायलों का तत्काल उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए. अधिकारियों के मुताबिक, टिहरी जिले में मंगलवार सुबह करीब सवा पांच बजे मुनि की रेती क्षेत्र के गूलर बाजार के समीप एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई, जिससे उसमें सवार आठ यात्रियों की मौत हो गई और 25 अन्य लोग घायल हो गए.

टिहरी के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. उन्होंने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.

नेगी ने बताया कि हादसे में घायल 25 लोगों में से 18 को ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है, जबकि शेष सात घायलों को ऋषिकेश के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि हादसे का शिकार हुए लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. जब दुर्घटना हुई, उस समय बस हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी.

इस बीच, टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने बताया कि घटनास्थल पर एक तीव्र मोड़ है. उन्होंने कहा कि हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है.

पोखरी से रांसी जा रही कार गहरी खाई में गिरी
दूसरा हादसा सोमवार देर रात रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्षेत्र में बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर हुआ जहां पोखरी से रांसी जा रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई जिससे उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचीं तथा रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में सवार लोगों को खाई से बाहर निकाला.

पुलिस के अनुसार, हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए. घायलों में से चार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्चतर स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया.

मृतकों की पहचान रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ के रांसी गांव निवासी कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), देड़ा गांव के सूरत सिंह (42) और दादा गैड़ गांव के बलबीर सिंह (70) के रूप में हुई है.

घायलों में कांथा गांव की पूजा देवी (34) और उनकी आठ वर्षीय बेटी वंशिका भी शामिल हैं. हादसे के समय वाहन में 10 लोग सवार थे. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

मुख्यमंत्री धामी ने दोनों हादसों पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

मुख्यमंत्री ने एक शोक संदेश में संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने और प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.



Source link