Last Updated:
Ramgarh Patratu Lake News: झारखंड के रामगढ़ स्थित पतरातू लेक में सर्दियों की रौनक बढ़ गई है. हजारों किलोमीटर का सफर तय कर विदेशी मेहमान यहां पहुंचने लगे हैं. म्यांमार, थाईलैंड, इंडोनेशिया और मलेशिया जैसे देशों से आने वाले सिंगल और कॉमन कूट प्रजाति के प्रवासी पक्षी नवंबर से फरवरी तक यहां रहेंगे. इन पक्षियों का अंदाज भी निराला है. नाविकों की आवाज सुनते ही ये उनके पास पहुंच जाते हैं.
झारखंड के पतरातू लेक में विदेशी प्रवासी पक्षियों का आना शुरू हो गया है.
रामगढ़. झारखंड के पतरातू लेक में इन दिनों विदेशी मेहमानों की चहचहाहट सुनाई देने लगी है. हजारों किलोमीटर का सफर तय कर प्रवासी पक्षियों का यहां पहुंचना शुरू हो गया है. नवंबर के पहले सप्ताह से ही सिंगल और कॉमन कूट प्रजाति के पक्षी पतरातू लेक में अपना डेरा जमाने लगे हैं. इनकी मौजूदगी से झील की खूबसूरती और बढ़ गई है. चार महीने तक ये पक्षी यहां प्रवास करेंगे. इन्हें देखने के लिए पर्यटक भी बड़ी संख्या में पतरातू पहुंच रहे हैं.
बताया जाता है कि ये प्रवासी पक्षी दक्षिण-पूर्व एशिया के अलग-अलग देशों से लंबी दूरी तय कर पतरातू लेक पहुंचते हैं. इनमें म्यांमार, थाईलैंड, इंडोनेशिया और मलेशिया जैसे देशों से आने वाले पक्षी शामिल हैं. नवंबर से फरवरी तक इनका यहां प्रवास रहता है. इस दौरान झील के आसपास इनकी अठखेलियां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी रहती हैं.
नाविकों की आवाज सुनते ही पास आ जाते हैं पक्षी
पतरातू लेक में इन पक्षियों का व्यवहार भी लोगों को हैरान करता है. यहां लंबे समय तक रहने के कारण ये नाविकों के साथ घुल-मिल जाते हैं. नाविकों की आवाज सुनते ही पक्षी उनके पास पहुंचने लगते हैं. पर्यटक भी नाव की सवारी के दौरान इनके करीब से दीदार करते हैं और मोबाइल में तस्वीरें, वीडियो और रील्स बनाते हैं.
प्रवासी पक्षियों से नाविकों का रोजगार भी बढ़ता है
प्रवासी पक्षियों के आने से पतरातू लेक में पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है. इसका सीधा फायदा यहां काम करने वाले नाविकों को मिलता है. नाविक संघ के अध्यक्ष जियाउल के मुताबिक, पक्षियों के प्रवास के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक इन्हें देखने पहुंचते हैं. इससे नाविकों का रोजगार भी बेहतर होता है.
रांची से पतरातू पहुंच रहे पर्यटक भी इन विदेशी मेहमानों को देखकर उत्साहित हैं. झील में तैरते पक्षियों का झुंड और उनके आसपास का प्राकृतिक नजारा लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है. यही वजह है कि सर्दियों के मौसम में पतरातू लेक घूमने आने वालों के लिए प्रवासी पक्षियों का दीदार खास आकर्षण बन गया है.