राजस्थान : झुंझुनूं में नए सरपंच के चुनाव से पहले पुराने पूर्व सरपंच की हत्या, गांव में फैला तनाव

राजस्थान : झुंझुनूं में नए सरपंच के चुनाव से पहले पुराने पूर्व सरपंच की हत्या, गांव में फैला तनाव


Last Updated:

Jhunjhunu News : झुंझुनूं के खेतड़ी इलाके के विजय नगर के सरपंच चुनाव के दौरान खूनी संघर्ष हो गया. इस खूनी संघर्ष में पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण की हत्या कर दी गई. हिंसक झड़प में 4-5 लोग घायल हो गए. यहां हत्या के शिकार हुए पूर्व सरपंच की पुत्रवधू सुमन चुनाव लड़ रही थी. सोमवार को वोटिंग के दौरान सरपंच का चुनाव लड़ रहे दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया और बाद में वह खूनी जंग में तब्दील हो गया.

Zoom

झुंझुनूं में पंचायत चुनाव में हिसक झड़प की सूचना पर पूर्व मंत्री जितेन्द्र सिंह भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. (इनसेट- मृतक पूर्व सरपंच)

झुंझुनूं. राजस्थान पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में भी झुंझुनूं जिले में हिसंक घटना सामने आई है. झुंझुनूं के खेतड़ी इलाके के विजय नगर में सोमवार को सरपंच के चुनाव के दौरान दो पक्षों के बीच पोलिंग बूथ पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस घटना में पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण की हत्या कर दी गई और चार पांच अन्य लोग घायल हो गए घायलों को उपचार के लिए नीमकाथाना जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. यहां हत्या के शिकार हुए पूर्व सरपंच की पुत्रवधू सरपंच का चुनाव लड़ रही थी. पूर्व सरपंच की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है. पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

जानकारी के अनुसार विजय नगर से पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण की पुत्रवधू सुमन सरपंच पद का चुनाव लड़ रही थीं. चुनाव के दौरान सुमन के पक्ष और प्रतिद्वंदी प्रत्याशी के पक्ष के लोगों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते यह विवाद झगड़े में बदल गया. पीड़ित पक्ष आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठियों, सरियों और पत्थरों से हमला कर दिया. दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर कुर्सियां फेंकी. इस दौरान लक्ष्मीनारायण के सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई.

प्रतिद्वंदी प्रत्याशी के पति और उसके साथियों पर लगा है आरोप
घटना की सूचना मिलते ही नीमकाथाना पुलिस उपाधीक्षक सुशील मान और कोतवाली थाना अधिकारी विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली. फिर मृतक का शव नीमकाथाना जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. घायल बुगलाराम ने बताया कि वे बैठे हुए थे. तभी दूसरे प्रत्याशी के पति जयपाल ने अपने साथियों के साथ उन पर लाठियों और सरियों से हमला कर दिया. हमले में लक्ष्मीनारायण के सिर में गंभीर चोटें आई.

मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा
मृतक के पोते हंसराज ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण चल रहा था. तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठियों, सरियों और पत्थरों से उन पर हमला कर दिया. हमले में उनके दादा लक्ष्मीनारायण की मौत हो गई. हंसराज ने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी वे तब तक शव नहीं लेंगे. मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा.

पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी नीमकाथाना जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की. डॉ. जितेंद्र सिंह ने मृतक का शव नीमकाथाना से खेतड़ी अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाने तथा घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने झुंझुनूं जिला कलेक्टर और एसपी से फोन पर वार्ता की. वहीं गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से भी फोन पर बातचीत कर पूरे घटनाक्रम से अवगत करवाया. बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.



Source link