नई दिल्ली. एक कलाकार जैसे रुपहले पर्दे पर कई किरदारों को जीता है ठीक वैसे ही भारतीय क्रिकेट में एक ऐसी शख्सियत है महेंद्र सिंह धोनी. एक सफल कप्तान, शानदार विकेटकीपर, बड़े मैच विनर और फंसे हुए मैचों को निकालकर ले जाने वाले मैच फिनिशर भी. पर समय के साथ साथ जैसे आम जिंदगी में किरदार बदलता रहता है ठीक वैसे ही क्रिकेट के मैदान पर देखने को मिलता है. अब धोनी की जर्सी तो वही रहेगी पर उनका किरदार बदल जाएगा. विकेट के पीछे से मैच चलाने वाले धोनी अब डगआउट से टीम चलाएंगे.
महेंद्र सिंह धोनी अब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए बतौर खिलाड़ी मैदान पर नजर नहीं आएंगे. उन्होंने खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल से संन्यास ले लिया है और अब आईपीएल 2027 से टीम के मेंटोर की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं. इसके साथ ही खेल जगत के सबसे चर्चित और लंबे समय तक चले रिश्तों में से एक का बतौर खिलाड़ी अंत हो गया है.
18 साल के सफर का अंत
45 साल के धोनी 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ने वाले पहले खिलाड़ी थे. उस समय वह हाल ही में भारत को 2007 टी20 विश्व कप का खिताब दिलाकर लौटे थे. शुरुआत में CSK के साथ उनका जुड़ना एक बड़ा दांव माना जा रहा था, लेकिन आगे चलकर यह फैसला ऐतिहासिक साबित हुआ. धोनी और चेन्नई की इस साझेदारी ने पांच आईपीएल खिताब दिलाए और विश्व क्रिकेट में एक ऐसी विरासत तैयार की, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. CSK के लिए धोनी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं. उनके नाम 5,314 रन दर्ज हैं. इसके अलावा, वह चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से सबसे ज्यादा 272 मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं.
बतौर मेंटोर रहा है खराब अनुभव
2027 के आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मेंटोर की भूमिका संभालने वाले माही पहले टीम इंडिया के साथ भी यह जिम्मेदारी निभा चुके हैं. हालांकि, उनका यह कार्यकाल काफी छोटा रहा और इसका अंत भारतीय टीम के टी20 विश्व कप 2021 से बाहर होने के साथ हुआ. धोनी को 2021 टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का मेंटोर नियुक्त किया गया था. उस समय विराट कोहली टीम के कप्तान और रवि शास्त्री मुख्य कोच थे. धोनी की नियुक्ति का मकसद खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट के दबाव में मार्गदर्शन देना और अपने अनुभव से टीम की मदद करना था. भारत ने सुपर-12 में पांच में से तीन मुकाबले जीते, लेकिन पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से शुरुआती हार के कारण सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सका.
धोनी को क्यों सौंपी गई मेंटोर की जिम्मेदारी?
8 सितंबर 2021 को बीसीसीआई सचिव जय शाह ने धोनी की नियुक्ति का ऐलान किया था. यह फैसला इसलिए भी अहम था क्योंकि धोनी ने भारत को 2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जिताई थी. बीसीसीआई का मानना था कि धोनी का अनुभव टीम के काम आ सकता है. खासकर यूएई की परिस्थितियों में स्पिनरों का इस्तेमाल, गेंदबाजों की रणनीति और दबाव के समय फैसले लेने में उनकी भूमिका उपयोगी हो सकती थी.
धोनी का भारतीय टीम के साथ मेंटोर का अनुभव भले ही नतीजों के लिहाज से सफल नहीं रहा, लेकिन इससे उनके क्रिकेटिंग अनुभव और रणनीतिक समझ की अहमियत कम नहीं होती. टीम इंडिया में उनकी भूमिका केवल एक टी20 विश्व कप तक सीमित थी. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका रिश्ता करीब दो दशक पुराना है. CSK में वह पहले कप्तान, फिर खिलाड़ी और अब मेंटोर की भूमिका में नजर आएंगे. टीम के खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और फ्रेंचाइजी की कार्यशैली से उनकी पुरानी पहचान इस नई जिम्मेदारी में अहम हो सकती है.