Last Updated:
Pushkar Fair Sand Art: पुष्कर मेले में इस बार सैंड आर्टिस्ट अजय रावत ने 51 फीट ऊंची भगवान देवनारायण की प्रतिमा बनाई है. रावत द्वारा बनाई गई प्रतिमा मेले में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है. रावत को इस प्रतिमा बनाने में 45 दिन का समय लगा. उन्होंने बताया कि भगवान के चरणों में अपनी कला के माध्यम से छोटी सी सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है.
अजमेर. राजस्थान की लोक आस्था और धार्मिक परंपराओं का प्रतीक पुष्कर मेला इन दिनों पूरे परवान पर है. मेले में जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं वहीं रेत पर उकेरी गई कलाकृतियां भी पुष्कर मेले में आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. पुष्कर के प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट अजय रावत ने इस बार अपनी कला के जरिए भगवान देवनारायण के प्रति आस्था और श्रद्धा को अनूठा स्वरूप दिया है. उन्होंने 51 फीट ऊंची भगवान देवनारायण की विशाल सैंड आर्ट तैयार की है जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं.
सैंड आर्टिस्ट अजय रावत ने इस बार सैंड आर्ट फेस्टिवल में भगवान देवनारायण की 51 फीट ऊंची भव्य कलाकृति तैयार की है. विशाल आकार और आकर्षक स्वरूप के चलते यह प्रतिमा मेले में आने वाले लोगों के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है. देश-दुनिया से पुष्कर पहुंच रहे पर्यटक और श्रद्धालु इस कलाकृति को देखने के साथ इसके साथ तस्वीरें भी ले रहे हैं.
45 दिन की मेहनत से तैयार हुई आस्था की कलाकृति
सैंड आर्टिस्ट अजय ने बताया कि भगवान देवनारायण की इस विशाल सैंड आर्ट को तैयार करने में करीब 45 दिन का समय लगा. उन्होंने बताया कि भगवान के चरणों में अपनी कला के माध्यम से छोटी सी सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने इस कलाकृति को पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ तैयार किया है.
भगवान देवनारायण के अलावा यह प्रतिमा भी बनाई
रावत ने मेले में लोक देवता सांवरिया सेठ, पाबूजी, जंभेश्वर, महाराणा प्रताप संग चेतक, महाराणा प्रताप संग भामाशाह, कालीबाई भील, पर्यटन और मेले से संबंधित कृतियां भी बनाई है.