Last Updated:
Tips For Buying House In Delhi: दिल्ली में घर खरीदते वक्त मिडिल क्लास को लोकेशन से ज्यादा घर के साइज और प्राइवेसी पर ध्यान देना चाहिए. इकोनॉमिस्ट आकाश जिंदल के मुताबिक, परिवार की बढ़ती जरूरतों के लिए बड़ा घर जरूरी है. आजकल मेट्रो और दूसरे साधन से कनेक्टिविटी काफी बेहतर हो गई है इसलिए एरिया पर फोकस करें.
दिल्ली. दिल्ली में अपना घर खरीदना हर मिडिल क्लास परिवार का सपना होता है. लोग सालों की कमाई और बचत लगाकर घर खरीदते हैं. ऐसे में जब घर चुनने की बात आती है तो सबसे बड़ा सवाल होता है कि अच्छी लोकेशन को प्राथमिकता दें या फिर ज्यादा जगह वाला घर खरीदें. अक्सर लोग मेट्रो स्टेशन, बाजार, स्कूल और ऑफिस से दूरी देखकर फ्लैट पसंद करते हैं, लेकिन क्या घर का साइज भी उतना ही जरूरी है? इस बारे में इकोनॉमिस्ट आकाश जिंदल ने अपनी राय रखी है.
परिवार बढ़ने के साथ बढ़ती है बड़े घर की जरूरत
इकोनॉमिस्ट आकाश जिंदल के मुताबिक, दिल्ली में घर खरीदने वाले मिडिल क्लास परिवारों को लोकेशन के मुकाबले घर के साइज पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए. इसकी एक बड़ी वजह बदलती पारिवारिक जरूरतें हैं. आज के समय में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को घर में अपनी जगह और आराम चाहिए. 17-18 साल के बच्चों को भी अब अपना अलग कमरा और प्राइवेसी चाहिए होती है. वहीं, जिन परिवारों में दो भाई शादी के बाद एक साथ रहते हैं, वहां भी दोनों दंपतियों के लिए अलग-अलग बेडरूम की जरूरत महसूस होती है. कुल मिलाकर जगह की इंपॉर्टेंस बहुत अधिक है.
सिर्फ रहने की जगह नहीं, प्राइवेसी भी है जरूरी
पहले जहां परिवार कम जगह में भी आसानी से रह लेते थे, वहीं अब लोगों की जरूरतें बदल रही हैं. घर में हर सदस्य की अपनी दिनचर्या और निजी जिंदगी होती है. बच्चों को पढ़ाई के लिए अलग जगह चाहिए, तो बुजुर्गों को आराम के लिए शांत माहौल की जरूरत होती है. ऐसे में छोटा घर परिवार के सदस्यों के बीच जगह की कमी पैदा कर सकता है. इसलिए घर खरीदते समय सिर्फ मौजूदा जरूरतों को नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में परिवार की जरूरतों को भी ध्यान में रखना चाहिए.
मेट्रो कनेक्टिविटी जरूरी
आकाश जिंदल का मानना है कि दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क की वजह से कई इलाकों तक पहुंचना आसान हुआ है. शहर के अलग-अलग हिस्से मेट्रो से जुड़े होने के कारण लोग अपने काम और दूसरी जरूरतों के हिसाब से सफर कर सकते हैं. ऐसे में घर खरीदते समय सिर्फ किसी खास इलाके के नाम या उसकी लोकेशन पर ध्यान देने के बजाय यह भी देखना चाहिए कि वहां से रोजमर्रा का सफर कितना सुविधाजनक है.
घर खरीदने से पहले इन बातों पर दें ध्यान
मिडिल क्लास परिवारों के लिए घर खरीदना एक बड़ा आर्थिक फैसला होता है. ऐसे में फ्लैट का साइज, बेडरूम की संख्या, परिवार के सदस्यों की जरूरत, बच्चों की प्राइवेसी और बुजुर्गों की सुविधा जैसे पहलुओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. इसका मतलब यह नहीं है कि लोकेशन की अहमियत खत्म हो जाती है. ऑफिस, स्कूल, अस्पताल, बाजार और मेट्रो भी देखना जरूरी है.