तेजस्विन शंकर ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए कसी कमर, अमेरिका में रहकर क्यों कर रहे हैं तैयारी?

तेजस्विन शंकर ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए कसी कमर, अमेरिका में रहकर क्यों कर रहे हैं तैयारी?


नई दिल्ली: एशियाई खेलों के पदक विजेता भारतीय एथलीट तेजस्विन शंकर ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में जगह बनाने के लक्ष्य के साथ अमेरिका में अपने अभ्यास पर पूरा ध्यान लगा दिया है.

इस 27 साल के एथलीट का मानना है कि ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई करने के लक्ष्य को हासिल करने में अमेरिका का प्रतिस्पर्धी माहौल और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण बेहद अहम साबित होगा.

तेजस्विन पिछले करीब नौ वर्षों से अमेरिका में रहकर प्रशिक्षण ले रहे हैं. वह पहली बार 2017 में चार साल की छात्रवृत्ति पर ‘कंसास स्टेट यूनिवर्सिटी’ पहुंचे थे. फिलहाल वह इसी विश्वविद्यालय में ‘ग्रेजुएट टीचिंग असिस्टेंट’ के रूप में भी कार्यरत हैं.

तेजस्विन ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) से बातचीत में कहा, ‘अमेरिका में लंबे समय तक रहने के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने और उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धी खेलों में हिस्सा लेने के पीछे मेरा एकमात्र उद्देश्य लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 है.’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि अधिक से अधिक समय ऐसे माहौल में बिताऊं, जहां दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करने और कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करने का अवसर मिले. इससे 2028 तक मैं खुद को पूरी तरह तैयार कर सकूंगा और मेरे पास किसी तरह का बहाना नहीं होगा.’

आगामी सत्र की तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा, ‘ओलंपिक में अभी एक साल का समय बाकी है, लेकिन मेरी स्पर्धा में क्वालीफिकेशन की समयसीमा अगले कुछ महीनों में शुरू हो जाएगी. मेरे लिए अवसरों की खिड़की महज दो महीने में खुलने वाली है। इसे लेकर मैं काफी उत्साहित हूं.’

हाल ही में जापान में आयोजित एशियाई खेलों में डेकाथलॉन स्पर्धा का कांस्य पदक जीतने वाले तेजस्विन ने इससे पहले 2022 में चीन में हुए एशियाई खेलों में रजत पदक हासिल किया था.

उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करने को अपने जीवन का सपना साकार होने जैसा क्षण बताया.

तेजस्विन ने कहा, ‘अर्जुन पुरस्कार मिलना मेरे लिए बेहद सम्मान और गौरव की बात है. माननीय राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है. जीवन में ऐसे अवसर एक या दो बार ही मिलते हैं.’



Source link