Study Abroad Application Tips: विदेश की टॉप यूनिवर्सिटी में एडमिशन चाहिए? भीड़ से अलग दिखने के लिए अपनाएं 6 स्मार्ट टिप्स

Study Abroad Application Tips: विदेश की टॉप यूनिवर्सिटी में एडमिशन चाहिए? भीड़ से अलग दिखने के लिए अपनाएं 6 स्मार्ट टिप्स


नई दिल्ली (Study Abroad Application Tips). हर साल लाखों स्टूडेंट्स विदेश जाकर पढ़ाई करने का सपना देखते हैं. हाल के आंकड़ों पर नजर डालें तो 12 लाख से ज्यादा भारतीय स्टूडेंट्स विदेशों में उच्च शिक्षा ले रहे हैं और यह ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है. लेकिन आज के समय में बदलती इमिग्रेशन पॉलिसी, सख्त वीजा नियमों और बढ़ते कॉम्पिटिशन के बीच सिर्फ अच्छे नंबर ले आना काफी नहीं है. अब विदेशी यूनिवर्सिटी में एडमिशन पाना पहले से कहीं ज्यादा चैलेंजिंग हो गया है.

अगर आप ऑस्ट्रेलिया, यूके, अमेरिका, कनाडा, आयरलैंड या न्यूजीलैंड जैसे देशों की टॉप यूनिवर्सिटी को टारगेट कर रहे हैं तो आपकी एप्लिकेशन भीड़ से बिल्कुल अलग दिखनी चाहिए. एडमिशन कमेटी के सामने पहली ही नजर में साफ होना चाहिए कि आप उनके संस्थान के लिए बेस्ट कैंडिडेट क्यों हैं. इसके लिए सही समय पर प्लानिंग और स्मार्ट अप्रोच बेहद जरूरी है. IDP एजुकेशन से जानिए 6 कारगर तरीके, जो आपके स्टडी-अब्रॉड एप्लिकेशन को सुपरहिट बना सकते हैं.

विदेश में पढ़ाई के लिए आवेदन को सबसे अलग कैसे बनाएं?

विदेशी यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए आवेदन करते समय एप्लिकेशन पर काम करना जरूरी है. असल में यह रिज्यूमे का काम करता है. एडमिशन के लिए शॉर्टलिस्ट करने वाली टीम सबसे पहले इसी पर नजर डालेगी. इसलिए अपने एप्लिकेशन को खास बनाने के लिए नीचे लिखे 6 टिप्स आजमा सकते हैं:

1. मजबूत एकेडमिक रिकॉर्ड के साथ चुनें सही टाइमिंग

विदेशी यूनिवर्सिटी पढ़ाई में Consistency देखती हैं. एक रिसर्च के मुताबिक, करीब 77% कॉलेज एडमिशन के वक्त कोर सब्जेक्ट्स के नंबरों को सबसे ज्यादा तवज्जो देते हैं. अपनी सभी मार्कशीट, ट्रांसक्रिप्ट्स और बैकलॉग सर्टिफिकेट पहले से तैयार रखें. इसके अलावा, डेडलाइन का इंतजार करने के बजाय ‘अर्ली एप्लिकेशन’ डालें. इससे एडमिशन टीम को आपके डॉक्यूमेंट्स बारीकी से देखने का समय मिलता है और स्कॉलरशिप मिलने के चांस भी दोगुने हो जाते हैं.

2. रटे-रटाए नहीं, दमदार स्टेटमेंट ऑफ पर्पस लिखें

आपका SOP आपकी पहचान है. इसमें सिर्फ अपनी उपलब्धियों की लिस्ट न चिपकाएं, बल्कि यह बताएं कि आप उस खास कोर्स और यूनिवर्सिटी को ही क्यों चुन रहे हैं. यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर्स, वहां के रिसर्च प्रोजेक्ट्स और कोर्स स्ट्रक्चर पर थोड़ी रिसर्च करें और उसका जिक्र अपने SOP में करें. अगर आपने कोई ऐप बनाया है, किसी सोशल प्रोजेक्ट पर काम किया है या कोई इंडिपेंडेंट रिसर्च की है तो उसे हाईलाइट करें. यूनिवर्सिटी की वर्ड लिमिट का सख्ती से पालन करें.

3. सर्टिफिकेट्स की भीड़ नहीं, लीडरशिप क्वॉलिटी दिखाएं

स्पोर्ट्स, आर्ट्स, सोशल वर्क या कॉलेज इवेंट्स में हिस्सा लेना अच्छी बात है. लेकिन 20 मामूली सर्टिफिकेट्स लगाने से बेहतर है 2 ऐसे काम दिखाना जहां आपने लीड किया हो. यूनिवर्सिटी देखना चाहती हैं कि आप सोसायटी या अपनी टीम में क्या बदलाव लाए. ध्यान रखें कि अमेरिका और यूके की यूनिवर्सिटीज एक्स्ट्रा-करिकुलर एक्टिविटीज को बहुत महत्व देती हैं. वहीं ऑस्ट्रेलियाई यूनिवर्सिटीज का फोकस मुख्य रूप से एकेडमिक मेरिट पर रहता है. इसलिए देश के हिसाब से प्रोफाइल तैयार करें.

4. सही मेंटॉर से लें ‘लेटर ऑफ रिकमेंडेशन’ (LOR)

अक्सर स्टूडेंट्स कॉलेज के सबसे बड़े अधिकारी या प्रिंसिपल से LOR लेने के पीछे भागते हैं, जो कि एक बड़ी गलती है. LOR हमेशा उन टीचर्स, प्रोफेसर्स या बॉस से लें जिन्होंने आपको करीब से काम करते और पढ़ते देखा हो. उनसे कहें कि वे आपकी सामान्य तारीफ करने के बजाय क्लास या प्रोजेक्ट के दौरान आपकी किसी खास उपलब्धि या प्रॉब्लम-सॉल्विंग स्किल का उदाहरण दें. सटीक और सच्चा LOR पर्सनैलिटी की ऐसी परतें खोलता है जो मार्कशीट नहीं दिखा सकती.

5. इंटर्नशिप और प्रैक्टिकल अनुभव को बनाएं हथियार

अगर आप मास्टर्स की पढ़ाई के लिए विदेश जा रहे हैं तो आपके क्षेत्र से जुड़ा वर्क एक्सपीरियंस गेमचेंजर साबित हो सकता है. वहीं, अंडरग्रेजुएट स्टूडेंट्स के लिए भी छोटी इंटर्नशिप, फील्ड प्रोजेक्ट या पार्ट-टाइम काम बहुत मायने रखता है. यह एडमिशन कमेटी को भरोसा दिलाता है कि आप सिर्फ किताबी कीड़ा नहीं हैं, बल्कि अपने करियर को लेकर सीरियस हैं और प्रैक्टिकल दुनिया की समझ रखते हैं.

6. प्रोफेशनलिज्म और डॉक्यूमेंट्स की बारीकी पर दें ध्यान

एक सर्वे के अनुसार, 35% स्टूडेंट्स को एडमिशन और फाइनेंशियल एड के डॉक्यूमेंट्स जुटाना सबसे स्ट्रेसफुल लगता है. लेकिन यही आपकी प्रोफेशनल अप्रोच का टेस्ट है. अपने रिज्यूमे, निबंध और बाकी डॉक्यूमेंट्स में स्पेलिंग या फॉर्मेटिंग की कोई गलती न छोड़ें. इसके साथ ही, अगर आपकी मातृभाषा अंग्रेजी नहीं है तो IELTS, TOEFL या PTE जैसे टेस्ट में अच्छा स्कोर लाकर साबित करें कि आप विदेशी माहौल में पढ़ाई करने के लिए तैयार हैं.



Source link