दलित सम्मेलन में सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने भगवान बुद्ध का किया अपमान?
Last Updated:
Mohibullah Nadvi Agra Dalit sammelan: आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित सम्मेलन में रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. भगवान बुद्ध की वंदना के दौरान मंच पर मौजूद बौद्ध भिक्षु और दूसरे नेता खड़े हुए, लेकिन नदवी अपनी कुर्सी पर बैठे रहे. इस पर डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने सवाल उठाए और अखिलेश यादव से जवाब मांगा. जानते हैं पूरा मामला.
आगरा में सपा के दलित सम्मेलन में बुद्ध वंदना के दौरान मोहिबुल्लाह नदवी के बैठे रहने पर डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने सवाल उठाए.
buddha vandana controversy: उत्तर प्रदेश के आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित सम्मेलन की खबरें तो आप सबने खूब सुनी-देखी होगी. लेकिन अब एक ऐसी घटना इस कार्यक्रम की सामने आई है जिस पर अब सियासी सवाल उठने लगे हैं. इससे पहले कि आप सब दिमाग पर अधिक जोर दें, जानते हैं पूरा मामला. असल में जब सम्मेलन में भगवान बुद्ध की वंदना हो रही थी. इस दौरान मंच पर मौजूद बौद्ध भिक्षु और दूसरे नेता सम्मान में खड़े हो गए थे. लेकिन रामपुर से सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी अपनी कुर्सी पर बैठे रहे. जिसपर अब सवाल उठ रहे हैं.
बुद्ध वंदना के समय क्यों नहीं खड़े हुए सांसद?
इस घटना पर डॉ. आंबेडकर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने सांसद के इस व्यवहार को बौद्ध परंपरा और दलित समाज का अपमान बताया है. उन्होंने इस मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव से भी जवाब मांगा है. डॉ. निर्मल के मुताबिक, भगवान बुद्ध की वंदना भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है. यह करुणा, मैत्री, प्रज्ञा और मानवता का संदेश देती है. ऐसे में सपा के दलित सम्मेलन में हुई इस घटना पर पार्टी नेतृत्व को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए.
अखिलेश सरकार के पुराने फैसले भी याद दिलाए
डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने इस विवाद के बीच अखिलेश यादव की पिछली सरकार के फैसलों का भी जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि साल 2012 में सपा सरकार ने कैबिनेट के फैसले से दलित महापुरुषों और सामाजिक प्रेरणास्रोतों के नाम पर रखे गए कई जिलों के नाम बदल दिए थे. उन्होंने प्रबुद्ध नगर, पंचशील नगर और महामाया नगर जैसे नामों का भी उल्लेख किया है. उनके अनुसार, ये नाम केवल प्रशासनिक पहचान नहीं थे. इनका संबंध भगवान बुद्ध के विचारों, पंचशील के सिद्धांतों और दलित चेतना से था.
बुद्ध और आंबेडकर के विचारों का दिया हवाला
डॉ. निर्मल ने कहा कि महामाया नगर का नाम भगवान बुद्ध की माता महामाया की स्मृति में रखा गया था. वहीं, प्रबुद्ध नगर और पंचशील नगर के नाम बौद्ध विचारधारा से जुड़े थे. उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि उनकी सरकार ने इन नामों को बदलने का फैसला क्यों किया था. डॉ. निर्मल ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने भारतीय समाज को भगवान बुद्ध के करुणा, प्रज्ञा और समता के विचारों से परिचित कराया था. डॉ. निर्मल के मुताबिक, दलित समाज के लिए भगवान बुद्ध सामाजिक मुक्ति, समानता और मानवीय गरिमा के प्रतीक हैं. उन्होंने पूरे मामले पर अखिलेश यादव से जवाब देने की मांग की है.