Last Updated:
Sikar News: 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर खाटूश्यामजी धाम में बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा. इस बार रवि और सिद्धि योग का विशेष संयोग बन रहा है. जन्मोत्सव पर देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. भक्तों की भीड़ को देखते हुए लक्खी मेले की तर्ज पर दर्शन, सुरक्षा और यातायात की व्यवस्थाएं की जाएंगी.
सीकर. विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी धाम में इस बार बाबा श्याम का जन्मोत्सव विशेष संयोग में मनाया जाएगा. 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के दिन बाबा श्याम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा. खास बात यह है कि इस दिन रवि और सिद्धि योग का भी संयोग बन रहा है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इन दोनों योगों में किए गए शुभ कार्य विशेष फलदायी माने जाते हैं. ऐसे में इस बार बाबा श्याम का जन्मोत्सव धार्मिक दृष्टि से भी खास रहने वाला है. जन्मोत्सव पर राजस्थान सहित देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के खाटूधाम पहुंचने की संभावना है.
धर्म विशेषज्ञ श्याम भक्त चन्द्र प्रकाश ढाढण ने बताया कि सूर्य और चंद्रमा की विशेष नक्षत्र स्थिति के आधार पर रवि योग का निर्माण होता है. इस योग को अशुभ प्रभावों को कम करने वाला माना जाता है. मान्यता है कि रवि योग में किए गए शुभ कार्यों का अच्छा फल प्राप्त होता है. वहीं सिद्धि योग को भी मांगलिक और शुभ कार्यों के लिए अनुकूल माना गया है. ऐसे में देवउठनी एकादशी के साथ रवि और सिद्धि योग का संयोग बाबा श्याम के जन्मोत्सव को खास बना रहा है. श्रद्धालु इस दिन बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे और जन्मदिन की बधाई देंगे.
देशभर से पहुंचेगा श्याम भक्तों का रेला
बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर भक्तों में अभी से उत्साह नजर आने लगा है. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से श्रद्धालुओं के खाटूधाम पहुंचने का सिलसिला रहेगा. भक्त बाबा को छप्पन भोग अर्पित करेंगे. मंदिर परिसर में विशेष सजावट और धार्मिक आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेंगे. श्रद्धालुओं की आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जन्मोत्सव पर बड़ी संख्या में भक्त बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचते हैं.
लक्खी मेले की तर्ज पर होगी व्यवस्थाएं
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए इस बार भी फाल्गुनी वार्षिक लक्खी मेले की तर्ज पर व्यवस्थाएं की जाएंगी. दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे. प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी की ओर से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा. मंदिर और आसपास के क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान रहेगा. देवउठनी एकादशी, बाबा श्याम का जन्मोत्सव और रवि-सिद्धि योग का संयोग इस बार खाटूधाम की रौनक को और बढ़ाने वाला है. भक्तों के लिए यह दिन केवल दर्शन का अवसर नहीं, बल्कि अपने आराध्य के जन्मोत्सव में शामिल होकर आस्था और उत्सव का हिस्सा बनने का मौका भी होगा.