Last Updated:
Budget 2027 : शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड के निवेशकों को अगले साल बड़ा तोहफा मिल सकता है. सीबीडीटी चेयरमैन ने संकेत दिया है कि वित्त मंत्रालय ने कैपिटल गेन टैक्स में बदलाव को लेकर समीक्षा करने का मन बनाया है. संभावना है कि 1 फरवरी को पेश होने वाले बजट में इसकी घोषणा की जा सकती है.
स्टॉक्स और म्यूचुअल फंड में निवेश पर पूंजीगत लाभ कर देना पड़ता है.
नई दिल्ली. शेयर बाजार में निवेश करने वालों को अगले साल बजट में बड़ा तोहफा मिल सकता है. वित्त मंत्रालय ने स्टॉक्स और म्यूचुअल फंड पर लगने वाले कैपिटल गेन टैक्स पर राहत देने पर विचार कर रहा है. केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन रवि अग्रवाल ने संकेत दिया है कि वित्त मंत्रालय शेयरों में निवेश से होने वाले पूंजीगत लाभ पर लगने वाले कर के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा कर रहा है. इससे जुड़े नियमों में संभावित बदलाव वित्तवर्ष 2027-28 के आम बजट में किए जा सकते हैं.
सीबीडीटी चेयरमैन ने बताया कि बजट-पूर्व बैठकों के दौरान विभिन्न पक्षों से मिले सुझावों और पूंजीगत लाभ कर के अलग-अलग पहलुओं के कर प्रभावों का विश्लेषण किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हम पूंजीगत लाभ कर को लेकर मिले सुझावों पर विचार करेंगे और मुझे विश्वास है कि एक फरवरी को आपको इसकी जानकारी मिल जाएगी. संबंधित पक्षों ने जो मुद्दे उठाए हैं, उन सभी का विश्लेषण किया जा रहा है.
क्या है कैपिटल गेन टैक्स पर सुझाव
उद्योग संगठनों ने सरकार को दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ (एलटीसीजी) कर समाप्त करने और विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए अल्पकालिक पूंजीगत लाभ (एसटीसीजी) कर और प्रतिभूति लेनदेन कर (एसटीटी) की दरों को तर्कसंगत बनाने का सुझाव दिया है. अग्रवाल ने कहा कि एसटीसीजी टैक्स में संभावित बदलावों को लेकर भी सुझाव मिले हैं और विभाग उनकी समीक्षा कर रहा है. उद्योग संगठनों ने किसी निवेश को दीर्घकालिक मानने की न्यूनतम अवधि मौजूदा 12 महीने से बढ़ाकर 18-24 महीने करने का भी सुझाव दिया है.
अभी कितना लगता है टैक्स
अभी सूचीबद्ध शेयरों और इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश से एक साल से अधिक समय बाद होने वाले 1.25 लाख रुपये से अधिक के लाभ पर 12.5 फीसदी एलटीसीजी टैक्स लगता है. इस पर सेस और उपकर भी देना होता है. इसके अलावा सूचीबद्ध शेयरों और इक्विटी म्यूचुअल फंड को खरीदने के 12 महीने के भीतर बेचने पर होने वाले मुनाफे पर 20 फीसदी शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन टैक्स (एसटीसीजी) लगता है. उद्योग संगठनों ने इक्विटी में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) के लिए अलग टैक्स व्यवस्था का भी सुझाव दिया है. उनका कहना है कि कई उभरते बाजारों में एफपीआई को शेयरों से होने वाले दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ पर कर छूट मिलती है. इसके अलावा उन्होंने एफपीआई के पूंजीगत लाभ की गणना का तरीका बदलने और इसे डॉलर के आधार पर निर्धारित करने का सुझाव भी दिया है.