94 गोल, 135 मैच और 16 साल का यादगार सफर… इंटरनेशनल फुटबॉल को अलविदा कह गए रोमेलु लुकाकू

94 गोल, 135 मैच और 16 साल का यादगार सफर… इंटरनेशनल फुटबॉल को अलविदा कह गए रोमेलु लुकाकू


Last Updated:

बेल्जियम के दिग्गज स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू ने 33 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है, उन्होंने 16 साल के करियर में बेल्जियम के लिए 135 मैच खेले और रिकॉर्ड 94 गोल दागे. वह पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में पांचवें स्थान पर हैं, उनसे आगे क्रिस्टियानो रोनाल्डो (146), लियोनल मेसी (126), अली दाई (108) और भारत के सुनील छेत्री (95) हैं.

Zoom

रोमेलु लुकाकू

ब्रसेल्स: बेल्जियम के लिए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में रिकॉर्ड 94 गोल दागने वाले दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी रोमेलु लुकाकू ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय करियर से संन्यास की घोषणा कर दी. मेंस इंटरनेशनल फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सर्वकालीन सूची में 33 वर्षीय लुकाकू पांचवें स्थान पर हैं.

लुकाकू ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिये अपने फैसले की जानकारी दी. उन्होंने 16 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में बेल्जियम के लिए 135 मुकाबले खेले और चार फीफा विश्व कप तथा तीन यूरोपीय चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व किया. लुकाकू ने अपने पोस्ट में लिखा:

मैं अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने के अपने फैसले को लेकर पूरी तरह संतुष्ट हूं. यह सफर शानदार रहा. मैंने इसका भरपूर आनंद लिया और इसके लिए मैं इस सफर के लिए शुक्रगुजार हूं.

लुकाकू क्लब फुटबॉल खेलना जारी रखेंगे. फिलहाल वह तुर्किये के क्लब फेनरबाशे से जुड़े हैं. पिछले साल गर्मियों में वह इटली के क्लब नापोली से फेनरबाशे पहुंचे थे.

पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में उनसे अधिक गोल केवल पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो 146 गोल के साथ शीर्ष पर हैं. अर्जेंटीना के लियोनल मेसी 126 गोल के साथ दूसरे, ईरान के अली दाई 108 गोल के साथ तीसरे और भारत के सुनील छेत्री 95 गोल के साथ चौथे स्थान पर हैं. लुकाकू 94 गोल के साथ पांचवें नंबर पर हैं.

बेल्जियम फुटबॉल महासंघ ने भी अपने इस दिग्गज खिलाड़ी के योगदान की सराहना करते हुए बयान जारी किया. महासंघ ने कहा:

अपने व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, समर्पण और राष्ट्रीय टीम के साथ मजबूत जुड़ाव के कारण उन्होंने बेल्जियम के ‘रेड डेविल्स’ के इतिहास में विशेष स्थान हासिल किया है.

उन्होंने कहा, ‘महज 16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने से लेकर फुटबॉल के सबसे बड़े वैश्विक मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व करने तक का उनका सफर उन अनगिनत युवा फुटबॉलरों और बच्चों के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत बना रहेगा, जो एक दिन बेल्जियम की जर्सी पहनने का सपना देखते हैं.’



Source link