बनारसी हो या कांजीवरम, सिल्क साड़ी खरीदने से पहले जरूर चेक करें ये 5 चीजें

बनारसी हो या कांजीवरम, सिल्क साड़ी खरीदने से पहले जरूर चेक करें ये 5 चीजें


Last Updated:

Silk Saree Shopping Tips: बनारसी, कांजीवरम और पैठणी जैसी पारंपरिक सिल्क साड़ियां अपनी खूबसूरत बुनाई, चमक और शानदार लुक के लिए जानी जाती हैं. त्योहार हो या पार्टी हर खास मौके पर इसे पहनना पसंद किया जाता है. हालांकि, बाजार में असली सिल्क के अलावा सिल्क ब्लेंड और आर्टिफिशियल सिल्क की साड़ियां भी खूब बिकती हैं. ऐसे में यदि आप असली सिल्क खरीदना चाहते हैं, तो इन 5 चीजों को जरूर चेक कर लें.

ख़बरें फटाफट

Zoom

सिल्क की साड़ियां सदियों से महिलाओं के वर्डरॉब का खास हिस्सा रही है. एक समय पर सिल्क की साड़ियां बड़े-बड़े घराने की महिलाएं की पहचान थी. सिल्क की साड़यों की चमक और मखमली स्मूथनेस के कारण इसे हर मौके पर पहना जा सकता है. इसकी एक और खासियत ये है कि इस सही देखभाल के साथ दशकों तक स्टोर करके रखा जा सकता है. लेकिन बढ़ती पॉपुलैरिटी के कारण मार्केट में कई तरह की सिल्क साड़ियां मौजूद है.

ये देखने में काफी हद तक असली सिल्क जैसी लगती हैं, लेकिन इनकी गुणवत्ता, बनावट और टिकाऊपन अलग होता है. कई बार सिर्फ चमक और डिजाइन देखकर असली सिल्क की पहचान करना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में अगर आप महंगी सिल्क साड़ी खरीदने जा रही हैं, तो कुछ बातों का ध्यान जरूर रखें. इससे आप नकली कपड़े के नाम पर ज्यादा पैसे खर्च करने से बच सकते हैं.

साड़ी का फैब्रिक और लेबल जरूर जांचें
असली सिल्क एक प्राकृतिक रेशे से तैयार किया जाता है. इसकी बनावट मुलायम होती है और इसमें एक खास तरह की चमक दिखाई देती है. बाजार में मिलने वाली सभी चमकदार साड़ियां शुद्ध सिल्क की नहीं होतीं. इसलिए खरीदारी से पहले साड़ी का लेबल जरूर देखें. दुकानदार से भी साफ पूछें कि साड़ी 100 प्रतिशत सिल्क की है या इसमें दूसरे फैब्रिक की मिलावट है.

सिल्क की बनावट को समझें
सिल्क की अलग-अलग किस्मों की बनावट अलग होती है. मुलबेरी सिल्क अपनी मुलायम सतह और हल्की चमक के लिए जाना जाता है. वहीं, टसर या कोसा सिल्क की बनावट थोड़ी खुरदरी और प्राकृतिक रूप से टेक्सचर्ड होती है. इसे हाथ से छूकर महसूस किया जा सकता है. इसलिए साड़ी खरीदते समय उसके फैब्रिक को ध्यान से देखें और छूकर भी जांचें.

सिर्फ जलाकर सिल्क की पहचान न करें
असली सिल्क की पहचान के लिए पुराने समय में कपड़े के धागे को जलाकर देखा जाता था. माना जाता है कि असली सिल्क जलने पर बालों जैसी गंध देता है और उसकी राख आसानी से टूट जाती है. लेकिन महंगी साड़ी पर ये तरीका बिल्कुल न अपनाएं. इससे कपड़ा खराब हो सकता है और जलने का खतरा भी रहता है. मिश्रित फैब्रिक में ये टेस्ट सही नतीजा भी नहीं देता.

जरी की गुणवत्ता पर ध्यान दें
सिल्क साड़ी की खूबसूरती में जरी का बड़ा योगदान होता है. इसमें असली सोने-चांदी की जरी के अलावा सिल्वर प्लेटेड और सिंथेटिक धागों का भी इस्तेमाल किया जाता है. सिर्फ चमक देखकर ये न समझें कि जरी असली सोने या चांदी की है. इसकी जांच के लिए धागे को खुरचने या घर पर कोई प्रयोग करने से बचें. इससे साड़ी खराब हो सकती है.

पक्के बिल और प्रमाणपत्र की मांग करें
महंगी सिल्क साड़ी खरीदते समय दुकानदार से पक्का बिल जरूर लें. बिल में कपड़े की सही किस्म और जरी की जानकारी लिखी होनी चाहिए. जहां उपलब्ध हो, वहां सिल्क की प्रमाणिकता से जुड़ा लेबल या प्रमाणपत्र भी मांगें. साथ ही, साड़ी की बुनाई, बॉर्डर की फिनिशिंग और धागों की गुणवत्ता को ध्यान से देखें. हमेशा भरोसेमंद दुकानदार से ही खरीदारी करें. इससे आपकी मेहनत की कमाई सही जगह खर्च होगी और आप असली सिल्क की खूबसूरती का लंबे समय तक आनंद ले सकेंगी.



Source link