Last Updated:
Diljit Dosanjh Indore Concert: धमकियों और विवादों के बीच दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट सफलतापूर्वक पूरा हुआ. स्टेज से उन्होंने राहत इंदौरी का मशहूर शेर पढ़कर विरोधियों को जवाब दिया. दिलजीत ने इंदौर की जनता का आभार जताते हुए कहा कि इतनी पाबंदियों और अफवाहों के बावजूद दर्शकों का शो में पहुंचना उनके लिए बड़ी बात है. कॉन्सर्ट से पहले उन्होंने इंदौरी पोहा और ऑमलेट का स्वाद भी चखा.
दिलीजीत दोसांझ ने इंदौर की ऑडियंस का आभार जताया.
इंदौर. दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट सक्सेसफुल रहा. बम से उड़ाने और शो में सिलेक्टिव गाने की रोक के बीच उन्होंने इंदौर में अपना कॉन्सर्ट पूरा किया. शोज से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. दिलजीत ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर कई वीडियोज शेयर किए हैं. इसमें वह विरोधियों को जवाब देते नजर आ रहे हैं. विवादों और धमकियों के बाद भी ऑडियंस के आने पर आभार जताते दिख रहे हैं. इतना ही नहीं, स्टेज पर दिलजीत का सॉफ्ट साइड भी देखने को मिला है.
दिलजीत दोसांझ ने इंदौर पहुंच कर सबसे पहले पोहा खाया. पोहा के साथ उन्होंने इंदौरी ऑमलेट का भी स्वाद चखा. इसकी तस्वीर उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर की. शाम को उन्होंने कॉन्सर्ट के दौरान की झलक शेयर की. एक वीडियो में वह राहत इंदौरी का शेर- ‘किसी के बाप का हिंदोस्तां थोड़े ही है’ पढ़ते हुए नजर आए. इस करारे जवाब के साथ उन्होंने इंदौर की ऑडियंस का भी आभार जताया.
दिलजीत दोसांझ ने पोहा-ऑमलेट की तस्वीर शेयर की.
दिलजीत दोसांझ ने कहा, “इतनी पाबंदियों के बाद भी मेरे शो पर आए, इतनी अफवाहों के बाद भी मेरे शो पर आए. मीडिया ने कोई कसर नहीं छोड़ी अफवाहों की, लेकिन फिर भी आप मेरे शो पर आए, बहुत-बहुत शुक्रिया. जिस किसी को भी माइलेज मिल सकती थी उसने ली, लेकिन थैंक यू सो मच आप मेरे शो पर आए, बहुत-बहुत बहुत-बहुत शुक्रिया.”
महाकाल की धरती पर आने से कोई नहीं रोक सकताः दिलजीत दोसांझ
दिलजीत दोसांझ ने आगे कहा, “देखो यह महाकाल की धरती है. और यहां आने से हमें कोई रोक नहीं सकता. ना तो हम डरे थे पहले और ना डरते हैं आज. और आप लोग कहां डरते हैं. आप लोगों की ताकत है, जो आज हम यहां पर हैं. दोनों हाथ ऊपर कीजिए. और जोर से बोलेंगे जय श्री महाकाल.”
ऑरा इंडिया टूर पर दिलजीत दोसांझ
बता दें, इंदौर का यह शो दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ का हिस्सा था, जिसकी शुरुआत 30 अक्टूबर को दिल्ली से हुई थी. दिल्ली वाले कॉन्सर्ट के समय भी पुलिस की परमिशन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी, लेकिन फिर भी शो हुआ. अब 27 नवंबर को मुंबई में कॉन्सर्ट होगा. इसके लिए भी धमकी मिल चुकी है.