नई दिल्ली: गानों पर रोक लगाने की मांग और कॉन्सर्ट से पहले जारी नोटिस के बीच दिलजीत दोसांझ ने इंदौर पहुंचकर अपना वादा निभाया. 15 नवंबर को शहर में हुए उनके कॉन्सर्ट में हजारों फैंस पहुंचे. इस दौरान सिंगर ने मंच से साफ कहा कि उन्हें इंदौर आने से रोकने की कई कोशिशें हुईं, लेकिन वह अपने फैंस से किया वादा पूरा करने आए हैं. उन्होंने महाकाल की नगरी का जिक्र करते हुए राहत इंदौरी की मशहूर शायरी भी सुनाई. अब उनके कॉन्सर्ट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
‘मैंने आने का वादा किया था, इसलिए आया’
दरअसल, दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने आयोजकों को एक नोटिस जारी किया था. 6 नवंबर को जारी इस नोटिस में उनके चार गानों ‘पटियाला पेग’, ‘5 तारा’, ‘जीभ विचो अफीम’ यानी ‘केस’ और ‘जट्ट उठे फायर करदा’ को कॉन्सर्ट में नहीं बजाने के निर्देश दिए गए थे. महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को आशंका थी कि इन गानों के बोल बच्चों पर गलत असर डाल सकते हैं. कॉन्सर्ट में पांच साल से ज्यादा उम्र के बच्चों को भी आने की अनुमति थी. इसलिए आयोजकों से इन गानों को परफॉर्मेंस में शामिल नहीं करने को कहा गया था.
2019 के हाईकोर्ट आदेश का दिया गया हवाला
इस नोटिस में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के जुलाई 2019 के आदेश का भी जिक्र किया गया था. यह आदेश मुख्य रूप से ध्वनि प्रदूषण से जुड़े मामलों की सुनवाई के दौरान आया था. कोर्ट ने शराब, ड्रग्स और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गानों पर चिंता जताई थी. कोर्ट का कहना था कि ऐसे गानों का कम उम्र के बच्चों पर गलत असर पड़ सकता है. यह मामला चंडीगढ़ के प्रोफेसर पंडितराव धरेनवर की शिकायत के बाद आगे बढ़ा. उन्होंने 1 नवंबर को अधिकारियों से चारों गानों पर रोक लगाने की मांग की थी. उन्होंने यह भी कहा था कि गानों के बदले हुए बोल के साथ भी उन्हें परफॉर्म नहीं किया जाना चाहिए.
दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर भी हुई थी परेशानी
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी रजनीश सिन्हा ने ANI को बताया था कि चंडीगढ़ से मिले पत्र और हाईकोर्ट के निर्देशों के आधार पर आयोजकों को गानों को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए थे. हालांकि, यह नोटिस सिर्फ चार गानों तक सीमित था.
इंदौर से पहले दिलजीत के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर भी परेशानी हुई थी. 21 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों और त्योहारों के दौरान जरूरी इंतजामों का हवाला देते हुए शुरुआत में शो की अनुमति देने से मना कर दिया था. बाद में दिलजीत ने 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में परफॉर्म किया था.