कब मनाई जाएगी अक्षय नवमी, इस दिन आंवले के पेड़ के नीचे भोजन क्यों करते हैं?
Last Updated:
Akshaya Navami 2026: हिंदू धर्म में अक्षय नवमी का विशेष धार्मिक महत्व है. इसे आंवला नवमी भी कहते हैं. मान्यता है कि इस दिन सतयुग का आरंभ हुआ था. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज से जानिए इस बार अक्षय नवमी की सही तिथि, पूजा का शुभ मुहूर्त और आंवले के वृक्ष की आराधना का महत्व.
उज्जैन. हिंदू धर्म में हर तिथि हर वार का अलग-अलग धार्मिक महत्व बताया गया है. साथ ही दान-पुण्य करने से मिलने वाले फल को अक्षय यानी कभी समाप्त न होने वाला माना जाता है. अक्षय नवमी भी इन्हीं विशेष त्योहारों में शामिल है. कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व का भगवान विष्णु और आंवले के वृक्ष से गहरा संबंध है. इसे आंवला नवमी के नाम से भी जाना जाता है. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, इसी दिन सत्ययुग (सतयुग) का आरंभ हुआ था. यही वजह है कि इस दिन भगवान विष्णु की पूजा के साथ आंवले के पेड़ की आराधना करने का विशेष विधान बताया गया है. इस बार तिथि को लेकर असमंजस की स्थिति देखने को बन रही है. आइए जानते हैं सही तिथि, शुभ मुहूर्त और धार्मिक महत्व.
कब मनाई जाएगी अक्षय नवमी?
वैदिक पंचांग के अनुसार, इस साल नवमी तिथि 18 नवंबर को सुबह 6 बजकर 4 मिनट पर शुरू होगी. इसका समापन अगले दिन यानी 19 नवंबर को सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर होगा. वहीं पूजा के लिए सुबह 6 बजकर 46 मिनट से दोपहर 12 बजकर 6 मिनट तक का समय शुभ रहेगा. इस तरह श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए कुल 5 घंटे 20 मिनट का समय मिलेगा.
आंवले के पेड़ की पूजा का धार्मिक महत्व
अक्षय नवमी पर आंवले के वृक्ष की पूजा करना इस पर्व की सबसे खास परंपराओं में से एक है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास होता है, इसलिए इस दिन वृक्ष को जल अर्पित किया जाता है और उसके नीचे दीपक जलाकर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है. कई स्थानों पर परिवार के सदस्य आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करते हैं. इसे परिवार की खुशहाली और सकारात्मकता से जोड़कर देखा जाता है.
अक्षय नवमी पर दान का महत्व
इस पर्व पर पूजा के साथ जरूरतमंदों की सहायता करने की भी परंपरा है. मान्यता है कि इस दिन अन्न, वस्त्र और धन का दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है. गरीबों को भोजन कराना और जरूरतमंदों की मदद करना भी शुभ माना गया है. अक्षय नवमी की तुलना अक्षय तृतीया से भी की जाती है. धार्मिक मान्यताओं में अक्षय तृतीया को त्रेतायुग और अक्षय नवमी को सत्ययुग के आरंभ से जोड़कर देखा जाता है. यही कारण है कि श्रद्धालु इस दिन को पूजा, सेवा और दान-पुण्य के लिए विशेष मानते हैं.