Last Updated:
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के फौजी जवान अक्षय कुमार का उत्तराखंड में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया. शादी से 20 दिन पहले हुए निधन से परिवार में कोहराम मच गया. राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया.
नंधन पंचायत के रूथवाणी गांव के 26 वर्षीय वीर सिपाही अक्षय कुमार उत्तराखंड में तैनात थे.
हमीरपुर. हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में शादी से 20 दिन पहले ड्यूटी के दौरान फौजी जवान का निधन हो गया. नंधन पंचायत के रूथवाणी गांव के 26 वर्षीय वीर सिपाही अक्षय कुमार उत्तराखंड में तैनात थे. 15 नवंबर, रविवार को राजकीय सम्मान के साथ सिपाही अक्षय कुमार पंचतत्व में विलीन हो गए.
तिरंगे में लिपटे इकलौते बेटे का पार्थिव शरीर सामने देखकर माता-पिता अपने आंसू नहीं रोक पाए. जिस बेटे को बड़े अरमानों के साथ देश की सेवा के लिए सेना में भेजा था, उसे इस तरह अंतिम विदाई देनी पड़ेगी, यह किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था. बेटे को अंतिम विदाई देते समय परिवार का विलाप देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं.
भारतीय सेना की टुकड़ी तिरंगे में लिपटे अक्षय कुमार के पार्थिव शरीर को लेकर उनके पैतृक गांव पहुंची. पार्थिव देह के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. घर के आंगन में पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया, जहां परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने लाडले को श्रद्धांजलि अर्पित की.इसके बाद अक्षय कुमार की अंतिम यात्रा टाउन भड़ारी स्थित श्मशानघाट पहुंची. यहां हजारों लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं. उनके चचेरे भाई साहिल ठाकुर ने मुखाग्नि दी. भारतीय सेना की छठी डोगरा रेजिमेंट की टुकड़ी ने अपने साथी जवान को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी. सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई के दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया.
पिता ने जैसे ही बेटे की पार्थिव शरीर के सामने तिरंगा हाथ में लिया तो बोले कि रस्में ही तो बदली हैं. पटाखों-डीजे की गूंज तो शादी जैसी ही है. लोगों का हुजूम तेरी शादी में भी ऐसा ही होता. मुझे भी बेटे के साथ ही विदा कर दो. पिता राजकुमार की ये बातें सुनकर हर शख्स की आंखें नम हो गईं.
भारतीय सेना की टुकड़ी तिरंगे में लिपटे अक्षय कुमार के पार्थिव शरीर को लेकर उनके पैतृक गांव पहुंची.
भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने प्रदेश सरकार की ओर से अक्षय कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. अक्षय के पिता राजकुमार, डीएसपी हरीश गुलेरिया सहित अन्य लोगों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवान को नमन किया.अंतिम विदाई देने वालों में पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, तहसीलदार भोरंज डॉ. आशीष, नरेंद्र कुमार दर्जी, बीडीसी सदस्य मनोज कुमार और पंचायत प्रधान रवि कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति और क्षेत्रवासी मौजूद रहे.