UP Election 2027: यूपी चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगरा के दलित महासम्मेलन से बड़ा सियासी संदेश दिया है. उन्होंने PDA की परिभाषा में एक बार फिर बदलाव करते हुए D का मतलब दलित से बढ़कर दमदार दलित कर दिया. अखिलेश ने दावा किया कि आगरा में जुटा जनसैलाब केवल पश्चिमी यूपी का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के दलित समाज की एकजुटता का संकेत है. उन्होंने यह भी कहा कि इस बार दलित समाज बीजेपी और उसके सहयोगियों के वर्चस्व को हमेशा के लिए खत्म कर देगा.
अखिलेश यादव का यह नया नारा 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दलित वोटों को लेकर सपा की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है. खास बात यह है कि जिस आगरा से सपा ने दलित महासम्मेलन के जरिए PDA आंदोलन को नई धार देने की कोशिश की है, उसी पश्चिमी यूपी में बहुजन समाज पार्टी का भी परंपरागत राजनीतिक आधार रहा है. वहीं, चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी भी दलित राजनीति में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है. ऐसे में अखिलेश का ‘दमदार दलित’ वाला दांव यूपी की दलित राजनीति में नए समीकरणों की बहस को तेज कर सकता है.
अखिलेश ने PDA का मतलब बदलकर क्या संदेश दिया?
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आगरा सम्मेलन की तस्वीरों और जनसमर्थन का जिक्र करते हुए लिखा कि रैली में जुटी भीड़ को देखकर लगा कि यह केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सम्मेलन नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का दलित समाज यहां एकत्र हो गया है. उन्होंने लिखा, ‘अब पीडीए में ‘D’ का मतलब ‘दलित’ से बढ़कर ‘दमदार दलित’ हो गया है.’
अखिलेश ने अपने पोस्ट में बीजेपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ भी सीधा राजनीतिक संदेश दिया. उन्होंने लिखा, ‘जो भाजपा के साथ है, PDA उसके खिलाफ है!’ सपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि दलित समाज ने इस रैली के जरिए संदेश दे दिया है कि वह बीजेपी और उसके सहयोगियों के वर्चस्व को चुनौती देगा. उन्होंने संविधान और आरक्षण बचाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि संविधान बचेगा, तभी सम्मान बचेगा.
अखिलेश का पीडीए फॉर्मूला क्यों बार-बार बदल रहा?
दरअसल, अखिलेश का पीडीए फॉर्मूला पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एक राजनीतिक मंच पर लाने की कोशिश है. अब ‘दमदार दलित’ का नया नारा देकर वह इस गठजोड़ में दलित समाज की भूमिका को और प्रमुखता से पेश करना चाहते हैं. अखिलेश यादव के इस बयान का सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक पहलू बहुजन समाज पार्टी से जुड़ा है. उत्तर प्रदेश में दलित राजनीति का जिक्र मायावती और बीएसपी के बिना पूरा नहीं होता. लंबे समय तक बसपा ने दलित, खासकर जाटव समाज के बीच मजबूत राजनीतिक आधार बनाया है. मायावती की राजनीति का मुख्य आधार बहुजन समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी और सामाजिक सम्मान रहा है.
बीएसपी और चंद्रेशेखर आजाद की राजनीति क्या खतरे में?
लेकिन पिछले कुछ चुनावों में बहुजन समाज पार्टी का चुनावी प्रदर्शन कमजोर हुआ है. 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी केवल एक सीट जीत सकी थी. 2024 के लोकसभा चुनाव में भी बीएसपी अपना खाता नहीं खोल पाई. ऐसे में सपा लगातार दलित समाज के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है. आगरा में दलित महासम्मेलन आयोजित करना इसी रणनीति का हिस्सा है. अखिलेश का ‘दमदार दलित’ वाला नारा दलित समाज को केवल PDA का एक घटक नहीं, बल्कि राजनीतिक बदलाव की निर्णायक ताकत के रूप में पेश करता है.
अब क्या करेंगे आकाश आनंद?
दूसरी तरफ मायावती भी 2027 के चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों में जुटी हैं. मायावती से लेकर आकाश आनंद तक अपने परंपरागत दलित आधार को फिर से सक्रिय करने और अति पिछड़े वर्गों के बीच भी अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश में हैं. ऐसे में अखिलेश के नए नारे की एक राजनीतिक परीक्षा यह भी होगी कि क्या सपा दलित मतदाताओं के बीच बीएसपी की पारंपरिक पकड़ को चुनौती दे पाती है.
चंद्रशेखर आजाद के लिए भी अखिलेश का नया दांव क्यों अहम?
दलित राजनीति में अब मुकाबला केवल सपा और बीएसपी के बीच नहीं रह गया है. नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) भी दलित समाज के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में लगी है. खास बात यह है कि चंद्रशेखर आजाद ने असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के साथ गठबंधन कर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है. इस गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है. दोनों दल दलित-मुस्लिम एकता और सामाजिक न्याय के मुद्दे को लेकर 2027 के चुनाव में उतरने की तैयारी कर रहे हैं.
‘दमदार दलित’ वाला नारा अखिलेश के किस रणनीति का हिस्सा?
ऐसे में अखिलेश यादव का ‘दमदार दलित’ वाला नारा चंद्रशेखर आजाद की राजनीति के लिए भी महत्वपूर्ण हो जाता है. चंद्रशेखर खुद को आंबेडकरवादी और बहुजन राजनीति के प्रमुख चेहरे के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं अखिलेश पीडीए के जरिए दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदायों को एक बड़े राजनीतिक गठजोड़ में जोड़ना चाहते हैं. बीजेपी इस गणित को बिगाड़ने में एक से बढ़कर एक तीर अपने तरकस से निकाल रही है.
कुलमिलाकर आगरा में जुटी भीड़ को अखिलेश ने पूरे प्रदेश के दलित समाज की एकजुटता का संकेत बताया है. लेकिन रैली की भीड़ को प्रदेशव्यापी चुनावी समर्थन का प्रमाण नहीं माना जा सकता. इसका वास्तविक आकलन चुनाव के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में उम्मीदवारों, स्थानीय मुद्दों और मतदाताओं की पसंद से होगा. फिलहाल अखिलेश ने ‘दमदार दलित’ का नया नारा देकर 2027 की दलित राजनीति में अपनी रणनीति का संकेत जरूर दे दिया है. अब देखना होगा कि इस नए पीडीए फॉर्मूले के सामने मायावती, चंद्रशेखर आजाद और बीजेपी अपनी राजनीतिक रणनीति को किस तरह आगे बढ़ाते हैं.