रामनगर: कभी बाघों को करीब से देखने की उत्सुकता, तो कभी घने जंगलों के बीच प्रकृति को महसूस करने की चाहत. विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढिकाला जोन का इंतजार पर्यटकों के लिए आखिरकार खत्म हो गया. छह महीने तक मानसून के चलते बंद रहने के बाद 15 नवंबर को ढिकाला के गेट पर्यटकों के लिए खोल दिए गए. जो पर्यटक लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रहे थे, उन्हें पहले ही दिन जंगल सफारी का मौका मिला तो उनकी खुशी देखते ही बनी.
कानपुर से लेकर अहमदाबाद तक के पर्यटक यहां पहुंचे और अपने अनुभव साझा किए. किसी के लिए ढिकाला का रोमांच बाघों के दीदार से जुड़ा है, तो कोई जंगल की खूबसूरती और प्राकृतिक वातावरण को करीब से महसूस करने यहां पहुंचा है. पर्यटकों का कहना है कि उन्हें बेसब्री से ढिकाला जोन खुलने का इंतजार था और अब आखिरकार उनका इंतजार पूरा हो गया.
अपने आप में अलग अनुभव
कानपुर से आईं पर्यटक रुचिका अग्रवाल ने बताया कि वह खासतौर पर ढिकाला जोन देखने के लिए कॉर्बेट पहुंची हैं. उन्होंने कहा कि उनके लिए सिर्फ टाइगर देखना ही मकसद नहीं है, बल्कि जंगल की खूबसूरती और वहां के प्राकृतिक वातावरण को करीब से महसूस करना भी खास अनुभव है. ढिकाला जिम कॉर्बेट के प्रमुख पर्यटन जोन में से एक है और यहां आने को लेकर वह काफी उत्साहित थीं. उनके मुताबिक, इस जंगल को देखने का अनुभव अपने आप में अलग है.
‘बेसब्री से कर रहे थे इंतजार’
अहमदाबाद से आईं पर्यटक जयश्री ने बताया कि वह जिम कॉर्बेट घूमने आई हैं. उन्हें खुशी है कि जिस दिन ढिकाला जोन खुला, उसी दिन उन्हें जंगल सफारी करने का मौका मिल गया. उन्होंने कहा कि वह काफी समय से इस जोन के खुलने का इंतजार कर रही थीं. आखिरकार वह दिन आ गया, जब उन्हें ढिकाला के जंगलों को करीब से देखने का अवसर मिला.
वहीं पर्यटक अक्षत जैन ने बताया कि वह करीब चार महीने पहले भी कॉर्बेट घूमने आए थे. उस दौरान उन्हें यहां का वातावरण और जंगल काफी पसंद आया था. अब दोबारा ढिकाला जोन खुलने पर पहले ही दिन सफारी करने का मौका मिलना उनके लिए बेहद खास है. उन्होंने कहा कि जोन के खुलने का इंतजार था और अब यहां पहुंचकर काफी अच्छा लग रहा है. पहले ही दिन पर्यटकों की बड़ी संख्या देखकर भी उत्साह बढ़ गया है.
पहले दिन दिखा जबरदस्त उत्साह
15 नवंबर की सुबह ठीक 6 बजकर 30 मिनट पर धनगढ़ी गेट से पहली सफारी को हरी झंडी दिखाकर जंगल के भीतर रवाना किया गया. सुबह से ही गेट पर पर्यटकों के वाहनों की लंबी कतार लग गई थी. शुभारंभ अवसर पर क्षेत्रीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट और कॉर्बेट पार्क के अधिकारियों ने पर्यटकों का फूल-मालाओं से स्वागत किया.
इसके बाद कैंटर वाहनों को जंगल सफारी के लिए रवाना किया गया. दरअसल, मानसून के दौरान नदियों और बरसाती नालों में पानी बढ़ने और रास्तों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका के चलते हर साल 15 जून को ढिकाला जोन बंद कर दिया जाता है. छह महीने बाद 15 नवंबर को इसे दोबारा खोला जाता है.
जंगल में रात बिताने का भी मिलेगा मौका
ढिकाला की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां रात्रि विश्राम के लिए 20 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन बुकिंग पूरी तरह फुल हो चुकी है. ढिकाला में कुल 41 कमरे और 20 बेड की डॉरमेट्री उपलब्ध है. 22 जनवरी को अगले एक महीने की बुकिंग का नया स्लॉट खोला जाएगा. यहां पर्यटक दिन में सफारी के साथ जंगल के बीच बने वन विश्राम गृहों में रात बिताने का रोमांच भी महसूस कर सकते हैं.
ढिकाला में बंगाल टाइगर, हाथियों के झुंड, हिरण, सांभर, चीतल और 500 से अधिक पक्षी प्रजातियां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं. ढिकाला जोन खुलने से पर्यटकों के साथ रामनगर के होटल कारोबारियों, जिप्सी संचालकों, नेचर गाइड और स्थानीय व्यापारियों में भी उत्साह है. छह महीने से जिस जंगल को देखने का इंतजार था, अब वहां एक बार फिर पर्यटकों की चहल-पहल लौट आई है. किसी को बाघ के दीदार की उम्मीद है, तो कोई जंगल की खामोशी और खूबसूरती को अपने अनुभवों में समेटने पहुंचा है.