Last Updated:
Bihar Brothers Success Story in Kota: बिहार के गयाजी जिले के रहने वाले दो सगे भाइयों सोनू राज और मोनू राज ने कोटा में रहकर अपनी सफलता की इबारत लिखी है. पिता ने मनरेगा मजदूरी, पल्लेदारी और जमीन बेचकर दोनों को पढ़ाया. सोनू ने NEET में 636 अंक पाकर AIIMS दिल्ली में प्रवेश लिया. जबकि टायफाइड-पीलिया जैसी गंभीर बीमारियों से जूझने के बाद भी मोनू ने JEE-Main में 93 पर्सेंटाइल हासिल कर BITS मेसरा में इंजीनियरिंग की सीट पक्की की.
Kota Success Story: कभी मनरेगा में मजदूरी तो कभी मंडी में पल्लेदारी, पिता के संघर्ष ने बेटों को AIIMS और BITS तक पहुंचाया
Kota: कठिन परिस्थितियां और संसाधनों का अभाव कभी भी हौसलों को नहीं डिगा सकते. बशर्ते इरादे मजबूत हों और अपनों का साथ हो. बिहार के गयाजी जिले के रहने वाले एक संघर्षशील पिता का त्याग और उनके दो सगे बेटों सोनू राज और मोनू राज की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और सही दिशा में किया गया प्रयास हर कठिनाई को हरा सकता है. कोटा के कोचिंग माहौल और अपनी कड़ी मेहनत के दम पर इन दोनों भाइयों ने पूरे परिवार की तकदीर बदल दी है.
सोनू और मोनू के पिता मनोज कुमार का जीवन बेहद संघर्षों से भरा रहा है. परिवार का भरण-पोषण करने के लिए उन्होंने कभी मनरेगा में मजदूरी की. तो कभी अनाज मंडी में पल्लेदारी कर अपना पसीना बहाया. परिवार के पास जो थोड़ी-बहुत जमीन थी. उससे मुश्किल से खाने लायक अनाज ही पैदा हो पाता था. घर की आर्थिक स्थिति ऐसी थी कि दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना भी चुनौती था. लेकिन, पिता ने कभी अपनी इन मुश्किलों को अपने बच्चों के सपनों के आड़े नहीं आने दिया. जब छोटे बेटे मोनू ने कोटा जाकर इंजीनियरिंग की तैयारी करने की इच्छा जताई. तो पैसों की कमी आड़े आई. ऐसे में पिता ने अपने बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए अपनी दो जमीनों में से एक जमीन बेच दी और उन्हें कोटा पढ़ने के लिए भेज दिया.
सोनू बनेंगे डॉक्टर, मोनू संभालेंगे इंजीनियरिंग की राह
कोटा में रहकर दोनों भाइयों ने दिन-रात एक करके पढ़ाई की और अपनी मंजिल को हासिल किया.
- सोनू राज: बड़े भाई सोनू ने NEET परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 636 अंक हासिल किए और देश के प्रतिष्ठित AIIMS (CAPF, दिल्ली) में एमबीबीएस में प्रवेश प्राप्त किया.
- मोनू राज: छोटे भाई मोनू ने विपरीत स्वास्थ्य परिस्थितियों का सामना करते हुए JEE-Main में 93 पर्सेंटाइल स्कोर किया और BITS मेसरा में केमिकल इंजीनियरिंग ब्रांच में एडमिशन हासिल किया.
बीमारी भी नहीं तोड़ पाई हौसला
कोटा में पढ़ाई के दौरान मोनू का सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा. नए माहौल और मौसम के बदलाव के कारण वह पहले टायफाइड और फिर पीलिया की चपेट में आ गए. स्थिति यह थी कि लगातार तीन महीने तक उन्हें बुखार रहा और कई बार हार्ट बीट भी असामान्य हो जाती थी. इसके बावजूद मोनू ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी पढ़ाई जारी रखी. आखिरकार उनकी यह जिजीविषा रंग लाई और उन्होंने अपनी सफलता का परचम लहरा दिया.
माता-पिता का त्याग और कोटा का मार्गदर्शन
सफलता के बाद पूरे परिवार में खुशी का माहौल है. पिता मनोज कुमार का कहना है कि बच्चों की इस कामयाबी ने उनकी सालों की मेहनत और हर त्याग को सार्थक कर दिया है. वहीं, सफल होने वाले दोनों भाइयों ने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता के संघर्ष, शिक्षकों के मार्गदर्शन और कोटा के बेहतरीन शैक्षणिक माहौल को दिया है. एक पिता की मजदूरी और जमीन बेचने का त्याग आज दो होनहार बेटों की सफलता के रूप में सामने आया है. जो समाज के लिए एक मिसाल बन गया है.