Last Updated:
Market Mantra : भारतीय शेयर बाजार से विदेशी निवेशकों ने सितंबर-अक्टूबर में जितना पैसा निकाला था, उससे ज्यादा महज 9 कारोबारी सत्र में वापस निवेश कर दिया. इसका फायदा शेयर बाजार के घरेलू निवेशकों को मिला है और वे जमकर मुनाफावसूली कर रहे हैं. एफपीआई ने नवंबर के 9 कारोबारी सत्रों में 84 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है.
विदेशी निवेशकों ने नवंबर महीने में ही बाजार में 84 हजार करोड़ का निवेश किया है.
नई दिल्ली. भारतीय शेयर बाजार में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने नवंबर में जोरदार वापसी की है. एफपीआई ने लगातार दो महीने की बिकवाली के बाद नवंबर के पहले पखवाड़े में भारतीय शेयर बाजार में 84,290 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है. ग्लोबल मार्केट में एआई से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और बड़ी कंपनियों के शेयरों के आकर्षक मूल्यांकन ने विदेशी निवेशकों का रुख भारत की ओर मोड़ दिया है. यही कारण है कि विदेशी निवेशकों ने जितना पैसा सितंबर और अक्टूबर में भारतीय शेयर बाजार से निकाला था, उससे ज्यादा नवंबर के 9 कारोबारी सत्र में निवेश कर दिया.
डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी निवेशकों ने 2 से 13 नवंबर के बीच 9 कारोबारी सत्रों में भारतीय शेयर बाजार में 84,290 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है. इससे पहले एफपीआई ने अक्टूबर में 34,843 करोड़ रुपये और सितंबर में 35,861 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की थी. इसका मतलब है कि एफपीआई ने 2 महीने में करीब 72 हजार करोड़ निकाले हैं, लेकिन 9 सत्रों में ही 84 हजार करोड़ से ज्यादा का निवेश कर दिया है.
2026 में निकाले 3 लाख करोड़
साल 2026 में विदेशी निवेशकों ने करीब 3 लाख करोड़ रुपये की निकासी की थी, लेकिन अब यह घटकर 2.1 लाख करोड़ रुपये रह गई है. निवेश प्लेटफॉर्म ‘ट्रैक’ के सह-संस्थापक एवं सीईओ वेदांत गुप्ते ने कहा कि नवंबर में विदेशी निवेशकों की खरीदारी को फिलहाल रणनीतिक बदलाव के रूप में देखा जाना चाहिए, न कि उनकी स्थायी वापसी के संकेत के तौर पर. उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और एशियाई बाजारों में कृत्रिम मेधा से जुड़ी कंपनियों के शेयरों से पूंजी निकलने के कारण विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में अपना निवेश बढ़ाया है.
घरेलू निवेशक उठा रहे तेजी का फायदा
उन्होंने कहा कि एक तरफ विदेशी निवेशक बाजार में पैसे लगा रहे हैं, तो घरेलू निवेशक तेजी का फायदा उठाकर मुनाफावसूली कर रहे हैं. ‘मीरा मनी’ के निवेश अनुसंधान विश्लेषक रोहन गोयल ने बताया कि ग्लोबल लेवल पर एआई से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली ने निवेशकों को प्रौद्योगिकी क्षेत्र पर अधिक निर्भर बाजारों से हटकर दूसरे बाजारों में निवेश के अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया है. उन्होंने कहा कि नवंबर के पहले सप्ताह में ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों में करीब 13 फीसदी की गिरावट और इसका लगभग 97 डॉलर प्रति बैरल तक आना भी भारतीय बाजार के लिए सकारात्मक रहा है.
निफ्टी 25 हजार से ऊपर तो निवेशक खुश
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार के अनुसार, वित्तीय सेवाओं, दूरसंचार, पूंजीगत वस्तुओं, दवा और वाहन क्षेत्रों में विदेशी निवेशकों ने जोरदार खरीदारी की. इससे इन क्षेत्रों के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली. मजबूत तिमाही नतीजों के कारण बिजली क्षेत्र की कुछ कंपनियों के शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई है. चॉइस वेल्थ के मुख्य निवेश रणनीति अधिकारी धीरज गौड़ ने कहा कि विदेशी निवेशकों का रुख, दूसरी तिमाही की शेष कंपनियों के वित्तीय नतीजे, बाजार में व्यापक भागीदारी और निफ्टी का 25,000 अंक से ऊपर टिके रहना भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित करेगा.