नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर ने अपने फिल्मी करियर में हर तरह के किरदारों से दर्शकों का दिल जीता है. रोमांस और ड्रामा के अलावा उन्होंने कई ऐसी फिल्मों में भी काम किया है, जो दोस्ती, यारी और मजबूत रिश्तों के जश्न को बखूबी पर्दे पर उतारती हैं. आज हम आपको करीना कपूर की 5 बेहतरीन फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो दोस्तों के साथ बैठकर देखने के लिए बिल्कुल परफेक्ट हैं.
दोस्ती जैसे खूबसूरत रिश्ते पर बनीं करीना कपूर ये फिल्में अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर अवेलेबल हैं, जिनका लुत्फ आप घर बैठे उठा सकते हैं. इसमें करीना कपूर की ‘वीरे दी वेडिंग’, ‘क्रू’ और ‘राजकुमार हिरानी की ‘3 इडियट्स’ जैसी मूवीज शामिल हैं. यहां पर पढ़िए पूरी लिस्ट.
वीरे दी वेडिंग
करीना कपूर की यह फिल्म चार बचपन की सहेलियों की दोस्ती और आधुनिक रिश्तों की उलझनों को दिखाती है. इसमें सोनम कपूर, स्वरा भास्कर और शिखा तलसानिया भी अमह किरदारों में हैं. कालिंदी की शादी के बहाने चारों सहेलियां एक साथ आती हैं और हर मुश्किल घड़ी में एक-दूसरे का मजबूती से साथ निभाती हैं. दोस्ती का जश्न मनाती इस शानदार फिल्म को आप प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.
क्रू
करीना कपूर, तब्बू और कृति सैनन की फिल्म ‘क्रू’ दोस्ती और सिस्टरहुड का बेहतरीन उदाहरण पेश करती है. कहानी तीन एयर होस्टेस की है, जिनकी एयरलाइन कंपनी दिवालिया हो जाती है. आर्थिक तंगी से उबरने के लिए ये तीनों सहेलियां सोने की तस्करी के एक खतरनाक खेल में फंस जाती हैं, लेकिन हर मुसीबत में एक-दूसरे की ढाल बनकर खड़ी रहती हैं. इस डार्क कॉमेडी मूवी का लुत्फ आप नेटफ्लिक्स पर उठा सकते हैं.
गोलमाल रिटर्न्स
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी कॉमेडी फिल्म ‘गोलमाल रिटर्न्स’ पक्के दोस्तों की एक ऐसी टोली की कहानी है, जिनकी जिंदगी में एक के बाद एक मजेदार कन्फ्यूजन पैदा होते रहते हैं. फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर और श्रेयस तलपड़े की यारी देखते ही बनती है, जबकि करीना कपूर ने अजय की शक्की पत्नी एकता का मजेदार किरदार निभाया है. हंसी और दोस्ती के इस डबल डोज को आप जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम कर सकते हैं.
3 इडियट्स
राजकुमार हिरानी की ‘3 इडियट्स’ दोस्ती की मिसाल मानी जाने वाली कल्ट फिल्म है. करीना कपूर ने फिल्म में पिया का किरदार निभाया है. आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी की कॉलेज दोस्ती के बीच पिया भी इस खास ग्रुप का अहम हिस्सा बन जाती हैं, जो अपने सख्त पिता के खिलाफ जाकर दोस्तों की मदद करती है. दोस्ती पर बनी यह खास मूवी एपल टीवी पर है.
मुझसे दोस्ती करोगे
बचपन की गहरी दोस्ती, अनकहे प्यार और त्याग की कहानी दिखाती फिल्म है ‘मुझसे दोस्ती करोगे’. इसमें ऋतिक रोशन, रानी मुखर्जी और करीना कपूर ने तीन जिगरी दोस्तों राज, पूजा और टीना की भूमिका निभाई है, जिनकी दोस्ती ईमेल और गलतफहमियों के बीच एक बड़े इम्तिहान से गुजरती है. इस इमोशनल और रोमांटिक ड्रामा फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.