Last Updated:
समुद्र की रेत में छिपी दुनिया कितनी रहस्यमयी है, इसका एक और उदाहरण ओडिशा के गोपालपुर तट पर मिला है. बेरहामपुर यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने यहां एक नई समुद्री प्रजाति खोजी है, जिसकी लंबाई महज 600 माइक्रोमीटर यानी 0.6 मिलीमीटर है. ‘सेरामोनेमा लेडुसी’ नाम की इस प्रजाति की पहचान शारीरिक बनावट के अध्ययन और DNA सीक्वेंसिंग से हुई. यह सूक्ष्म जीव समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र की सेहत का संकेत देने में भी अहम भूमिका निभा सकता है.
समुद्र की सेहत का राज खोलेगा यह नन्हा जीव
समुद्र की गहराइयों में आज भी कई ऐसे अनोखे जीव मौजूद हैं, जिनके बारे में विज्ञान को अब तक पता नहीं है. ओडिशा के गोपालपुर तट पर वैज्ञानिकों को ऐसा ही एक बेहद छोटा जीव मिला है, जिसे अब तक दुनिया नहीं जानती थी. बेरहामपुर यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने समुद्र की रेतीली तलछट से एक नई समुद्री प्रजाति खोजी है. यह एक सूक्ष्म कीड़ा है, जिसकी लंबाई महज 600 माइक्रोमीटर यानी करीब 0.6 मिलीमीटर है. वैज्ञानिकों ने इसका नाम ‘सेरामोनेमा लेडुसी’ (Ceramonema leduci) रखा है.
इस नई प्रजाति की खोज ओडिशा के गंजाम जिले में गोपालपुर तट पर की गई. यूनिवर्सिटी के समुद्री विज्ञान विभाग की टीम ने दिसंबर 2024 में यहां की रेतीली तलछट से इस प्रजाति के करीब 15 नमूने एकत्र किए थे. विस्तृत अध्ययन और जांच के बाद शोधकर्ताओं ने पुष्टि की कि यह विज्ञान के लिए एक बिल्कुल नई प्रजाति है. इस खोज से जुड़ा शोध शुक्रवार को प्रतिष्ठित साइंस जर्नल ‘जर्नल ऑफ नेचुरल हिस्ट्री’ में प्रकाशित हुआ.
बेरहामपुर यूनिवर्सिटी के समुद्री विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर शेषदेव पात्रो ने बताया कि एकत्र किए गए नमूनों का गहन अध्ययन करने के बाद यह पुष्टि हुई कि ये प्रजातियां विज्ञान के लिए नई हैं.
इसकी पहचान के लिए वैज्ञानिकों ने आधुनिक तकनीक और पारंपरिक वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल किया. इसमें जीव की शारीरिक बनावट का बारीकी से अध्ययन करने के साथ DNA सीक्वेंसिंग भी की गई. दोनों तरीकों से मिले नतीजों ने साबित किया कि यह प्रजाति अपनी पहचान और विकासक्रम के लिहाज से पहले से ज्ञात प्रजातियों से अलग है.
इस नई प्रजाति का नाम ‘सेरामोनेमा लेडुसी’ न्यूजीलैंड के जाने-माने नेमेटोलॉजिस्ट डेनियल लेडुक के सम्मान में रखा गया है. शोध पत्र के सह-लेखक और रिसर्च स्कॉलर सुमन पात्रा ने बताया कि समुद्री नेमाटोड के वर्गीकरण और अध्ययन में डेनियल लेडुक का महत्वपूर्ण और लगातार योगदान रहा है. इसी योगदान को सम्मान देने के लिए नई प्रजाति को उनका नाम दिया गया.
समुद्री नेमाटोड बेहद छोटे और कीड़े जैसे जीव होते हैं, जो समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र में अहम भूमिका निभाते हैं. ये समुद्र के तल में मौजूद सूक्ष्म जीवों और जैविक प्रक्रियाओं का हिस्सा होते हैं. वैज्ञानिक इन्हें समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र की सेहत का पता लगाने वाले ‘बायो-इंडिकेटर’ के रूप में भी इस्तेमाल करते हैं.
इनकी मौजूदगी और संख्या से समुद्री पर्यावरण की स्थिति और उसमें हो रहे बदलावों को समझने में मदद मिलती है. यही वजह है कि गोपालपुर तट पर मिली यह नई प्रजाति केवल एक वैज्ञानिक खोज नहीं, बल्कि समुद्री पर्यावरण के अध्ययन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है. (पीटीआई इनपुट के साथ)
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login