Last Updated:
India US Trade Deal में अमेरिका में भारतीय सामानों पर टैरिफ अन्य देशों के मुकाबले कम होगा. यह बात अब खुद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कही है. उन्होंने कहा, यह पहले से ही तय हो गया था. इस पर कोई विवाद है ही नहीं.
पीयूष गोयल इन दिनों मिस्र के दौरे पर हैं.
अमेरिका के बाजारों में अब भारतीय सामान का डंका बजने वाला है. और सबसे बड़ी बात हमारे माल पर टैरिफ भी उन देशों से कम लगेगा, जो व्यापार में भारत के सीधे कॉम्पिटिटर हैं. केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील (India-US Trade Deal) को लेकर यह बड़ा राज खोला है.
मिस्र के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे पीयूष गोयल ने साफ कहा कि भारत और अमेरिका के बीच यह अपर एज वाली बात बहुत पहले ही फाइनल हो चुकी है. उन्होंने बताया, यह तो पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच उसी समय तय हो गया था, जब कुछ महीने पहले दोनों नेताओं ने एक ब्रॉड फ्रेमवर्क एग्रीमेंट का ऐलान किया था. यह मान लिया गया है कि अमेरिका में भारत को प्रिफरेंशियल मार्केट एक्ससे मिलेगी और हमारे विरोधी देशों के मुकाबले हम पर कम ड्यूटी लगाई जाएगी.
डील फाइनल होने में क्यों लग रहा है समय?
अगर सब कुछ पहले ही तय था तो डील साइन होने में देरी क्यों हुई? असल में, इसी साल फरवरी में इस द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण का खाका तैयार हो गया था. लेकिन, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति ट्रंप के रेसिप्रोकल टैरिफ वाले फैसले को पलट दिया. सारी बातचीत का आधार वही टैरिफ था. अब अमेरिका अपने ट्रेड एक्ट के प्रावधानों का इस्तेमाल करके टैरिफ का एक नया स्ट्रक्चर बना रहा है, जिसकी वजह से दोनों देशों के बीच फिर से बातचीत हो रही है और डील में थोड़ा समय लग रहा है.
आगे क्या होने वाला है?
अधिकारियों के मुताबिक दोनों देश अब इस फाइनेंशियल ईयर के अंत तक इस ट्रेड डील के पहले हिस्से को हर हाल में क्लोज करने की तैयारी में हैं. हाल ही में एक अधिकारी ने भी इस बात की पुष्टि की थी कि अमेरिका ने भारत को विरोधी देशों के मुकाबले टैरिफ में तुलनात्मक बढ़त देने का पक्का भरोसा दिया है. हालांकि, भारत के सामान को असल में कितना फायदा होगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि अंत में टैरिफ का नया ढांचा कैसा बनकर तैयार होता है. लेकिन पीयूष गोयल के बयान ने यह साफ कर दिया है कि डील जब भी होगी, भारत का पलड़ा भारी रहेगा.