पुतिन से लड़ रहा जेलेंस्की, इधर साथ छोड़ने लगे दोस्त, NATO के 2 देशों ने यूक्रेन को दिया झटका

पुतिन से लड़ रहा जेलेंस्की, इधर साथ छोड़ने लगे दोस्त, NATO के 2 देशों ने यूक्रेन को दिया झटका


रूस के साथ जारी जंग के बीच यूक्रेन को NATO के दो देशों से झटका लगा है. बुल्गारिया ने साफ कर दिया है कि वह अब अपने सेना के हथियारों और गोला-बारूद के भंडार से यूक्रेन को कुछ नहीं देगा. वहीं, पोलैंड ने भी फिलहाल अमेरिका से हथियार खरीदकर यूक्रेन को देने वाली योजना में पैसा लगाने से हाथ खींच लिया है. दोनों देशों ने इसकी वजह अपने देश की आर्थिक हालत और रक्षा पर बढ़ता खर्च बताया है. ऐसे समय में यूक्रेन को यह झटका लगा है, जब उसे रूस के हमलों से बचने के लिए और हथियारों, खासकर एयर डिफेंस सिस्टम की जरूरत है.

बुल्गारिया के प्रधानमंत्री रुमेन रादेव ने 14 नवंबर को सोशल मीडिया पर इस फैसले की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बुल्गारिया की सरकार अब अपने सेना के भंडार से हथियार और गोला-बारूद यूक्रेन को नहीं भेजेगी. यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं है. बुल्गारिया के रक्षा मंत्री जून में ही इसका ऐलान कर चुके थे. अब प्रधानमंत्री ने सरकार का रुख फिर साफ कर दिया है. पोलैंड ने इससे एक दिन पहले 13 नवंबर को यूक्रेन की मदद के लिए बनाई गई अमेरिकी हथियार खरीद योजना में फिलहाल पैसा देने से मना कर दिया था. पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा कि उनका देश पहले ही यूक्रेन को काफी मदद दे चुका है और अपनी सुरक्षा पर भी भारी रकम खर्च कर रहा है. ऐसे में अभी उसके पास अतिरिक्त पैसा देने की गुंजाइश नहीं है.

बुल्गारिया ने क्यों खींचे हाथ?

बुल्गारिया के प्रधानमंत्री रुमेन रादेव का कहना है कि उनका देश यूक्रेन की मदद के खिलाफ नहीं है, लेकिन अब वह कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं उठा सकता. उन्होंने कहा कि बुल्गारिया में सरकारी खर्च और कमाई के बीच बड़ा अंतर है. यूरोपीय संघ ने भी देश से अपना बजट घाटा तय सीमा के अंदर रखने को कहा है. रादेव के मुताबिक, बुल्गारिया पहले से यूक्रेन के हजारों परिवारों को मुफ्त मदद दे रहा है. वह यूक्रेन को बिजली देने के साथ उसके बिजली सिस्टम और रेलवे की मरम्मत में भी मदद कर रहा है. लेकिन देश के पास अब अतिरिक्त पैसा नहीं बचा है.

उन्होंने यह भी कहा कि बुल्गारिया यूरोपीय संघ के दूसरे देशों को यूक्रेन की मदद के लिए पैसा देने से नहीं रोकेगा, लेकिन खुद कोई नई आर्थिक जिम्मेदारी नहीं लेगा. इसके अलावा बुल्गारिया उन सैन्य अभ्यासों में भी हिस्सा नहीं लेगा, जिन्हें यूक्रेन की मदद करने वाले देशों का समूह आयोजित करता है. रादेव का कहना है कि ऐसे अलग-अलग समूह यूरोपीय संघ और NATO के बीच एकता को कमजोर कर सकते हैं.

पोलैंड ने भी क्यों रोकी मदद?

पोलैंड को अब तक यूक्रेन का मजबूत समर्थक माना जाता रहा है. लेकिन प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने 13 नवंबर को कहा कि उनका देश फिलहाल PURL योजना में पैसा नहीं लगाएगा. PURL यानी Prioritised Ukraine Requirements List एक ऐसी योजना है, जिसके तहत यूरोप के देश और कनाडा अमेरिका से हथियार खरीदने के लिए पैसा देते हैं. इन हथियारों में यूक्रेन के लिए एयर डिफेंस सिस्टम और गोला-बारूद शामिल हैं. अमेरिका ने जुलाई 2025 में यह योजना शुरू की थी. इसके बाद से अमेरिका यूक्रेन को पहले की तरह मुफ्त हथियार नहीं दे रहा है. टस्क ने कहा कि पोलैंड पहले ही यूक्रेन को काफी मदद दे चुका है. उसका अपना रक्षा खर्च भी यूरोप के सबसे ज्यादा खर्च करने वाले देशों में शामिल है. इसलिए अभी वह इस प्लान में और पैसा नहीं दे सकता.

हालांकि, पोलैंड ने यूक्रेन की हर तरह की मदद बंद नहीं की है. वह हथियार और दूसरी सैन्य मदद देने के बजाय कुछ दूसरे तरीकों से सहयोग जारी रखे हुए है. यूक्रेन के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, पोलैंड दो पुराने सोवियत MiG-29 लड़ाकू विमान देने की तैयारी कर रहा है. इसके बदले उसे यूक्रेन से ड्रोन रोकने की तकनीक मिलेगी. दोनों देशों ने ड्रोन और उन्हें रोकने वाली तकनीक पर मिलकर काम करने के लिए टीमें बनाने पर भी सहमति जताई है.

यूक्रेन को हथियारों की कमी की चिंता

बुल्गारिया और पोलैंड के फैसले ऐसे समय आए हैं, जब यूक्रेन को हथियारों की जरूरत लगातार बनी हुई है. यूक्रेन ने यूरोपीय देशों से अपने पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के PAC-2 और PAC-3 मिसाइल भंडार में से कुछ हिस्सा देने की अपील की है. इन मिसाइलों का इस्तेमाल दुश्मन की ओर से आने वाली मिसाइलों को हवा में ही रोकने के लिए किया जाता है. NATO के राजनयिकों के मुताबिक, सहयोगी देशों ने 2026 के लिए यूक्रेन को 70 अरब यूरो की सैन्य मदद देने का वादा किया था, लेकिन अब भी करीब 7 अरब यूरो की कमी है. वहीं, PURL योजना के तहत इस साल अब तक करीब 9 अरब डॉलर ही जुटाए जा सके हैं, जबकि NATO प्रमुख मार्क रूटे ने 15 अरब डॉलर जुटाने का लक्ष्य रखा था.

रूस पर यूक्रेन का ड्रोन हमला

इस बीच, यूक्रेन ने रूस के रोस्तोव इलाके में ड्रोन हमला किया. रूसी अधिकारियों के मुताबिक, 15 नवंबर तड़के हुए इस हमले में टैगानरोग शहर के एक बिजली सबस्टेशन के मुख्य इंजीनियर की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए. घायलों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं. रोस्तोव के गवर्नर यूरी स्ल्युसार ने बताया कि ड्रोन का मलबा एक हाईवे और पेट्रोल पंप के पास गिरा. इसकी वजह से दो बिजली सबस्टेशनों को नुकसान पहुंचा. इनमें से एक सबस्टेशन रेलवे लाइन को बिजली देता था. बिजली सप्लाई बंद होने के बाद टैगानरोग-पैसेंजर और मिखाइलोवका रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेन सेवाएं रोकनी पड़ीं.



Source link