Dharohar: जिस युद्ध ने बदल दी दक्षिण भारत की सत्ता, उसके हथियार आज भी मंदिर में सुरक्षित, साल में 5 दिन खुलते हैं कपाट

Dharohar: जिस युद्ध ने बदल दी दक्षिण भारत की सत्ता, उसके हथियार आज भी मंदिर में सुरक्षित, साल में 5 दिन खुलते हैं कपाट


Last Updated:

Telangana Veerala Gudi Temple Story: तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की साझा तेलुगु विरासत से जुड़ा 12वीं सदी का पलनाडु युद्ध आज भी लोगों की स्मृतियों में जीवित है. इस ऐतिहासिक महासंग्राम ने क्षेत्र की राजनीतिक तस्वीर बदल दी थी और काकतीय शासक रुद्रदेव के साम्राज्य विस्तार का रास्ता भी आसान हुआ. युद्ध में शहीद हुए योद्धाओं की स्मृति में आंध्र प्रदेश के कारेमपुडी स्थित वीरला गुड़ी मंदिर में सदियों पुराने हथियारों को सहेजकर रखा गया है. यहां भारी तलवारें, भाले और कटार आज भी मौजूद हैं. मंदिर की सबसे खास बात यह है कि इसके कपाट साल में सिर्फ पांच दिनों के लिए खुलते हैं. इस दौरान पलनाटी वीरुला आराधना उत्सव मनाया जाता है और प्राचीन हथियारों को हल्दी-कुमकुम लगाकर पूजा जाता है.

हैदराबाद: इतिहास के पन्नों में कुछ युद्ध ऐसे होते हैं, जिनकी गूंज सदियों बाद भी सुनाई देती है. ऐसा ही एक ऐतिहासिक युद्ध 12वीं सदी में पलनाडु का युद्ध लड़ा गया.  भले ही इसकी मुख्य युद्धभूमि वर्तमान आंध्र प्रदेश के कारेमपुडी में स्थित है, लेकिन इस युद्ध का सीधा संबंध तेलंगाना के गौरवशाली काकतीय साम्राज्य और साझा तेलुगु विरासत से रहा है. इतिहासकार श्री लेखा अब बुरा के अनुसार पलनाडु क्षेत्र की सीमाएं आज के तेलंगाना के नलगोंडा और सूर्यापेट जिलों से बिल्कुल सटी हुई हैं.

12वीं सदी में माचेरला के मंत्री पलनाटी ब्रह्मानायडू और गुरजाला की मंत्री नायकु नागम्मा के बीच सत्ता और सामाजिक सुधारों को लेकर यह भीषण युद्ध हुआ था. नागलेरु नदी के किनारे लड़े गए इस युद्ध में इतना रक्तपात हुआ कि इसे तेलुगु इतिहास का कुरुक्षेत्र कहा जाने लगा. इस युद्ध में स्थानीय राजवंश इतने कमजोर हो गए कि इसका सीधा फायदा वारंगल के काकतीय शासक रुद्रदेव को मिला और पूरे तेलंगाना व आसपास के क्षेत्रों में काकतीय साम्राज्य के विस्तार का रास्ता साफ हो गया.

यहां सुरक्षित रखे गए हैं ​योद्धाओं के हथियार

इस ऐतिहासिक युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए योद्धाओं की याद में कारेमपुडी के वीरला गुड़ी मंदिर में आज भी उस दौर के असली हथियार सुरक्षित रखे गए हैं. इनमें भारी-भरकम तलवारें, भाले, शूल और कटार शामिल हैं. खास बात यह है कि इन हथियारों की देखभाल और पूजा सदियों पुरानी परंपरा के तहत आज भी की जाती है. तेलुगु पंचांग के अनुसार, हर साल कार्तिक अमावस्या के अवसर पर यहां पांच दिनों का भव्य पलनाटी वीरुला आराधना उत्सव मनाया जाता है.

साल में केवल पांच दिन खुलते हैं मंदिर के कपाट

साल में केवल इन्हीं पांच दिनों के लिए मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोले जाते हैं. इस दौरान हथियारों को हल्दी-कुमकुम लगाकर और नए वस्त्र पहनाकर पूजा जाता है. ​साझा तेलुगु संस्कृति और लोककथाओं का हिस्सा होने के कारण, इस उत्सव में तेलंगाना के हैदराबाद, नलगोंडा, खम्मम और सूर्यापेट जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और इतिहास प्रेमी पहुंचते हैं. यह परंपरा आज भी नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के शौर्य और बलिदान की याद दिलाती है.



Source link