वृश्चिक राशि में सूर्य का प्रवेश बिगाड़ेगा 3 राशियों का खेल, फौरन जान लें उपाय
Last Updated:
Surya Rashi Parivartan: उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, 16 नवंबर को सूर्य वृश्चिक राशि में प्रवेश करेंगे. इस गोचर से तीन राशि के जातकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. नौकरी, व्यापार और पारिवारिक जीवन में परेशानियों के संकेत हैं. सूर्यदेव की उपासना और दान से राहत मिल सकती है.
उज्जैन. हिंदू धर्म में ज्योतिष शास्त्र का विशेष महत्व माना गया है. ज्योतिषीय गणना के अनुसार ग्रहों के राशि और नक्षत्र परिवर्तन का प्रभाव सभी 12 राशियों पर पड़ता है. इसी क्रम में 16 नवंबर 2026 को सूर्य ग्रह वृश्चिक राशि में प्रवेश करने जा रहे हैं. ज्योतिष शास्त्र में सूर्य को ग्रहों का राजा माना जाता है. सूर्य को मान-सम्मान, आत्मविश्वास, पद-प्रतिष्ठा और सरकारी क्षेत्र का कारक माना जाता है. ऐसे में सूर्य का यह गोचर कुछ राशियों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है.
उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, सूर्य का यह राशि परिवर्तन तीन राशियों के जातकों के लिए शुभ नहीं रहने वाला है. इन लोगों को नौकरी, व्यापार, आर्थिक स्थिति और पारिवारिक जीवन में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. कार्यक्षेत्र में मेहनत के बावजूद अपेक्षित सफलता मिलने में देरी हो सकती है. वहीं धन से जुड़े मामलों में भी सतर्क रहने की जरूरत होगी. कौन सी हैं वे तीन राशियां, जिनके लिए सूर्य का यह गोचर चुनौतीपूर्ण रह सकता है और किन उपायों से राहत मिलेगी, आइए जानते हैं.
तीन राशियों को रहना होगा सतर्क
मेष- इस राशि के जातकों के लिए सूर्य का गोचर कई क्षेत्रों में नकारात्मक परिणाम लेकर आ सकता है. खासतौर पर नौकरी और व्यापार से जुड़े लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. लंबे समय से अटके काम और उलझ सकते हैं. नौकरीपेशा लोगों पर काम का दबाव बढ़ सकता है. वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मतभेद होने की आशंका है. मेहनत के बावजूद उचित सराहना नहीं मिलने से मान-सम्मान प्रभावित हो सकता है.
मिथुन- इस राशि के जातकों के लिए सूर्य का यह राशि परिवर्तन मुश्किलें बढ़ाने वाला साबित हो सकता है. आय के नए स्रोत बनने में बाधाएं आएंगी और आर्थिक स्थिति कमजोर हो सकती है. नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन में देरी और अधिकारियों की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है. व्यापारियों को पुराने निवेश से नुकसान होने की आशंका है. अटका हुआ पैसा वापस मिलने में परेशानी होगी. पारिवारिक तनाव बढ़ सकता है और सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित होने के योग हैं.
धनु- इस राशि के जातकों के लिए सूर्य का गोचर कई चुनौतियां लेकर आ सकता है. इस दौरान आत्मविश्वास में कमी महसूस होगी और लंबे समय से चली आ रही परेशानियां बढ़ सकती हैं. नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को निराशा हाथ लग सकती है. नौकरीपेशा लोगों पर काम का दबाव बढ़ेगा और प्रमोशन में देरी हो सकती है. व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित होगी और पारिवारिक सदस्यों के साथ मतभेद बढ़ सकते हैं.
इन उपायों से प्रसन्न होंगे सूर्यदेव
ज्योतिषाचार्य के अनुसार, इन तीनों राशियों के जातकों को सूर्य गोचर के अशुभ प्रभावों से बचने के लिए नियमित रूप से सूर्यदेव की आराधना करनी चाहिए. प्रतिदिन सुबह स्नान के बाद उगते सूर्य को जल अर्पित करें और सूर्य मंत्रों का जाप करें. इसके साथ ही जरूरतमंदों को गेहूं, चावल सहित खाद्यान्न का दान करना शुभ रहेगा. मान्यता है कि इन उपायों से नकारात्मक प्रभाव कम हो सकते हैं और परेशानियों से राहत मिल सकती है.