Last Updated:
Punjabi Singer Diljit Dosanjh Indore Concert Video: पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने 15 नवंबर की रात इंदौर के C21 एस्टेट मैदान में लाइव कंसर्ट दिया. शो की शुरुआत ‘जय श्री महाकाल’ के जयकारे से हुई. मंच से दिलजीत ने कहा कि पाबंदियों और रोकने की कोशिशों के बावजूद दर्शकों से किया वादा निभाने शहर पहुंचे हैं.
रिपोर्ट: मिथिलेश गुप्ता
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का लाइव शो 15 नवंबर की रात इंदौर के C21 एस्टेट मैदान में हुआ. इस कंसर्ट में हजारों फैंस का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. मंच पर आते ही 42 वर्षीय दिलजीत ने सबसे पहले ‘जय श्री महाकाल’ का जयकारा लगाया, जिससे पूरा मैदान गूंज उठा. दिलजीत के इस अंदाज ने इंदौर के दर्शकों का दिल जीत लिया.
मंच से दिलजीत दोसांझ ने इंदौर की जनता से कहा कि यह महाकाल की धरती है. उन्होंने कहा, ‘यहां आने से हमें कोई नहीं रोक सकता. न तो हम पहले डरे थे और न ही आज डरते हैं. आप लोगों की ताकत की वजह से ही आज हम यहां खड़े हैं’. उन्होंने बताया, उन्हें मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में प्रस्तुति देने से रोकने की काफी कोशिश की गई थी.
पाबंदियों के बावजूद यहां खड़ा हूं…
दिलजीत दोसांझ ने बताया, इंदौर आने से उन्हें बहुत रोका गया, लेकिन वह अपना वादा निभाकर ही रहे. उन्होंने कहा, ‘एक बार किसी से बात कह दी कि मैं आऊंगा, तो फिर मैं पीछे नहीं हटता’.उन्होंने आगे कहा, ‘सारी पाबंदियों के बाद भी खड़ा हूं यहां’. चार गानों पर लगी रोक के बावजूद उन्होंने बिना डरे दर्शकों के सामने परफॉर्मेंस दी.
शेर से जता दिया विरोध
कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने मशहूर शायर राहत इंदौरी के शेर भी सुनाए. उन्होंने मंच से कहा, ‘अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है, यह सब धुआं है, कोई आसमान थोड़ी है…सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिन्दोस्तान थोड़ी है’. इन पंक्तियों के जरिए उन्होंने गानों पर लगी पाबंदियों और विरोध पर अपनी बात रखी.
बता दें कि इंदौर में दोसांझ के कार्यक्रम को लेकर पिछले दिनों सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी हुई थीं. महापौर कार्यालय, तीन बैंकों और तीन निजी विद्यालयों को ई-मेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी भेजी गई थी. हालांकि, पुलिस जांच में शुरुआती तौर पर इन ई-मेल संदेशों को फर्जी पाया गया था. तमाम विवादों और धमकियों के बीच दिलजीत ने इंदौर में अपना शो सफलतापूर्वक पूरा किया.