भारत में फिर सजेगा वनडे वर्ल्ड कप का मेला, चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी भी मिली
Last Updated:
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इंडोनेशिया के बाली में हुई बोर्ड की बैठक के बाद साल 2035 तक होने वाले पुरुषों के बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट की तारीखों को मंजूरी दे दी है. इसमें वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल शामिल है.
भारत अपने घर में डिफेंड करेगा चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट फैंस को आईसीसी ने बड़ी खुशखबरी सुनाई है. भारत में आने वाले सालों में दो बड़े टूर्नामेंट का रोमांच घर बैठे देखने का मौका मिलेगा. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भारत को 2031 वनडे वर्ल्ड कप की सह-मेजबानी सौंप दी है. इसके अलावा 2029 चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन भी भारत में होगा. खास बात यह है कि चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतरेगी और उसे अपने घरेलू मैदान पर खिताब डिफेंड करने का मौका मिलेगा.
भारत में 5वीं बार होगा वनडे वर्ल्ड कप
भारत को पांचवीं बार वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी मिली है. इससे पहले देश में 1987, 1996, 2011 और 2023 में इस टूर्नामेंट का आयोजन हो चुका है. 1987 में भारत ने पहली बार वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी. इसके बाद 1996 में भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका ने मिलकर टूर्नामेंट आयोजित किया. 2011 में भारत एक बार फिर बांग्लादेश और श्रीलंका के साथ सह-मेजबान बना. वहीं, 2023 का पूरा टूर्नामेंट भारत में खेला गया था. उस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम फाइनल तक पहुंची, लेकिन अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार गई थी. अब 2031 में एक बार फिर वनडे क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट का आयोजन भारतीय मैदानों पर होगा. इस बार भारत के साथ बांग्लादेश भी इसकी मेजबानी करेगा. टूर्नामेंट 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक खेला जाएगा.
23 साल बाद मिली चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी
चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिलने के साथ ही भारत को एक और बड़े टूर्नामेंट की तैयारियों का मौका मिल गया है. देश में आखिरी बार इस टूर्नामेंट का आयोजन 2006 में हुआ था. अब 23 साल बाद 2029 में चैंपियंस ट्रॉफी एक बार फिर भारतीय मैदानों पर खेली जाएगी. यह टूर्नामेंट 9 से 28 अक्टूबर तक आयोजित होगा. भारतीय टीम के लिए यह टूर्नामेंट खास रहने वाला है. टीम मौजूदा चैंपियन है और घरेलू दर्शकों के सामने खिताब बचाने उतरेगी. अपने मैदान और फैंस के समर्थन के बीच भारत के पास एक बार फिर चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने का मौका होगा.
2035 तक का ICC कैलेंडर जारी
आईसीसी ने 2035 तक होने वाले पुरुषों के बड़े टूर्नामेंट का कार्यक्रम सामने रखा है. 2028 में टी20 वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेला जाएगा. इसके बाद 2029 में इंग्लैंड में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल होगा. उसी साल भारत चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा. 2030 का टी20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड में आयोजित होगा. 2031 में इंग्लैंड एक बार फिर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की मेजबानी करेगा, जबकि वनडे वर्ल्ड कप भारत और बांग्लादेश में खेला जाएगा.
हर दो साल में होगा WTC फाइनल
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी ICC के कैलेंडर का अहम हिस्सा बना रहेगा. 2029, 2031, 2033 और 2035 में इसके फाइनल खेले जाएंगे. 2029 और 2031 के फाइनल की मेजबानी इंग्लैंड को मिली है. वहीं, 2033 और 2035 के फाइनल कहां होंगे, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है.